IPL 2019 most Sixes: हर साल की तरह इस साल भी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) बेहद रोमांचक रहा। लगभग 50 दिन तक चले इस टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस  ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथी बार ख़िताब अपने नाम किया। ये आईपीएल इसलिए भी खास रहा क्योंकि हर साल के मुकाबले इस दर्शकों को ज्यादा विस्फोटक बल्लेबाजी देखने को मिली। इस सीजन आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के मारे गए हैं और इसका श्रेय केकेआर के विस्फोटक बल्लेबाज आंद्रे रसेल को जाता है। इस सीजन बल्लेबाजों ने 784 छक्के जड़े हैं। रसेल ने इस पूरे सीजन में आतिशी अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए 52 छक्के लगाए हैं। इसी के साथ रसेल एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उसने ज्यादा छक्के उन्ही के हमवतन खिलाड़ी क्रिस गेल ने साल 2012 में लगाए थे। गेल ने उस साल 59 छक्के लगाए थे।

बता दें आईपीएल में गेल और रसेल ही ऐसे दो खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक आईपीएल सीजन में 50 से ज्यादा छक्के लगाए हैं। इतना ही नहीं गेल ये कारनामा दो बार कर चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2013 में 51 छक्के लगाए थे। गेल ने आईपीएल के 12 सीजन में चार बार सबसे ज्यादा छक्के मारने की उपलब्धि हासिल की है। गेल के अलावा एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले रसेल दूसरे कैरेबियाई खिलाड़ी हैं। इस साल भी रसेल के बाद गेल का ही नाम आता है। उन्होंने इस साल 34 छक्के लगाए हैं।

एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के मारने के मामले में रसेल दूसरे नंबर पर हैं। रसेल ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर के खिलाफ एक मैच में 9 छक्के लगाए थे। इस लिस्ट में सबसे ऊपर किरोन पोलार्ड का नाम है। पोलार्ड ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 10 छक्के मारे थे। इतना ही नहीं इस मामले में टॉप 10 में रसेल का नाम तीन बार आता है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 8 और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर 7 छक्के मारे हैं। इतना ही नहीं सीजन में सबसे अच्छा स्ट्राइक रेट भी रसेल का ही रहा। उन्होंने इस सीजन 204.81 के स्ट्राइक रेट से रन ठोके हैं। इस मामले में उनके बाद भारतीय आलराउंडर हार्दिक पंड्या का नाम आता है। पंड्या ने इस साल 193.00 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।