दिल्ली के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपनी तूफानी बल्लेबाजी के जरिए अभी तक काफी लोगों को अपना फैन बना चुके हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच के दौरान उन्होंने एक बार फिर आक्रामक शैली में बल्लेबाजी करते हुए उमेश यादव को निशाने पर लिया। ऋषभ ने उमेश के चौथे और दिल्ली की पारी के 17वें ओवर में 26 रन बटोरे। उनके बल्ले से तीन छक्के ओर दो चौके निकले। कोलकाता के खिलाफ उन्होंने 16 गेंद में 38 रन की पारी खेली। इसमें चार छक्के और दो चौके शामिल थे। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 237.50 की रही। इस आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में ऋषभ पंत तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने चार मैचों में 10 छक्के उड़ाए हैं। उनसे आगे दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (12) और वेस्ट इंडीज के काइरोन पोलार्ड (11) हैं।
उन्होंने उमेश यादव के ओवर की दूसरी, चौथी और पांचवी गेंद पर छक्का उड़ाया, वहीं तीसरी और छठी गेंद को चौके के लिए भेजा। उमेश की दूसरी गेंद पर मारे गए छक्के में तो महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह की झलक दिखाई दी। 143 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई इस फुल लैंथ गेंद को पंत ने लॉ फुलटॉस बनाया और फिर मिड ऑन के ऊपर से दर्शकों के बीच भेज दिया।
उमेश के ओवर की तीसरी गेंद शॉर्ट और ऑफ साइड में थोड़ी सी वाइड थी लेकिन पंत ने इसे बैकवर्ड पॉइंट के ऊपर सीमा रेखा के पार कर दिया। चौथी गेंद पैड्स पर आई थी इसे पंत ने कलाइयों के सहारे बैकवर्ड स्क्वेयर लेग के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया। लेग स्टंप की लाइन में गिरी इस गेंद पर मारा गया शॉट युवराज सिंह की स्टाइल वाला था।
Brutal. Just brutal. Rishabh Pant. What a player! #IPL #DDvsKKR https://t.co/XPKuXBOgCJ
— Deep Mehta (@mehtadeep) April 17, 2017
ओवर की पांचवीं गेंद पर उमेश यादव लाइन से थोड़े से भटक गए और बॉल आउटसाइड ऑफ में फुल लैंथ पर डाली जो कि एक तरह से शॉट मारने का आमंत्रण सा था। इसे पंत ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से दर्शकों के बीच भेजा। गेंद 83 मीटर दूर जाकर गिरी। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर ऋषभ पंत ने चार रन बटोरे। उमेश यादव की यह गेंद भी फुल लैंथ पर गिरी थी और दिल्ली के बल्लेबाज ने इसे कवर फील्डर को छकाते हुए चौके के लिए भेज दिया।

