राइजिंग पुणे सुपरजाएंट ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 27 रन से हराकर आईपीएल 10 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही पुणे ने इस सीजन में मिल रही हार के सिलसिले को भी तोड़ दिया। पहले खेलते हुए पुणे की टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए थे। इसके बाद तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बूते उन्‍होंने बेंगलुरु को 9 विकेट पर 134 के स्‍कोर पर ही रोक दिया। इस मैच के दौरान महेंद्र सिंह धोनी भी अच्‍छे रंग में नजर आए। उन्‍होंने 25 गेंद में 28 रन की पारी खेली। इस दौरान एक आसमानी छक्‍का भी उड़ाया। धोनी और पुणे के कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ के बीच तीसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी हुई।

बेंगलोर के खिलाफ युजवेंद्र चहल के ओवर की आखिरी गेंद पर धोनी ने इतना लंबा छक्का मारा कि गेंद स्टेडियम की छत पर चली गई। यह देख एक बार आरसीबी के कप्तान विराट कोहली भी हैरान रह गए और उन्होंने एक साथी खिलाड़ी से बातचीत करने लगे। धोनी का यह शॉट सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया। लोगों ने धोनी के एक शानदार छक्के की अपने अंदाज में तारीफ की। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ धोनी ने इमरान ताहिर की गेंद पर एबी डिविलियर्स को स्टंप कर मैच को अपने पाले में ला खड़ा किया। इसके बाद ट्विटर पर धोनी के समर्थन की बाढ़ सी आ गई।

जीत के बाद पुणे सुपरजाएंट के खिलाडि़यों ने जश्‍न मनाया और केक काटा। धोनी का अपने टीम साथियों के साथ केक काटने का वीडियो सामने आया है। इसमें धोनी किसी खिलाड़ी से कहते हैं, ”अबे खाना, बहुत अच्‍छा केक है, एक आधा लो और एक फेस पे लगालो।” पुणे सुपरजाएंट का अगला मुकाबला अब 22 अप्रैल को डिफेंडिंग चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। बेंगलुरु के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद पुणे की टीम छठे पायदान पर है। उसने पांच मैच खेले हैं और दो मैच जीते व तीन हारे हैं।