इंडियन प्रीमियर लीग के 10वें सीजन शुरू हुए चार दिन हो चुके हैं और इन दिनों में पांच मैच हो चुके है। सीजन 10 के पहले चार दिनों में छक्कों की जमकर बारिश हुई है। इस साल के उद्घाटन मुकाबले में ही स्कोर 200 रन के पार गया था। आईपीएल 10 के पहले चार मुकाबलों में कुल 64 छक्के लगे हैं जो कि एक नया रिकॉर्ड है। इस हिसाब से लग रहा है कि इस बार छक्कों का नया रिकॉर्ड बन सकता है। इससे पहले आईपीएल के पहले सीजन में सबसे ज्यादा 56 छक्के लगे थे। आइ आईपीएल वाइज पहले चार मैचों का रिकॉर्ड इस प्रकार है, 2009 में 31, 2010 में 37, 2011 में 30, 2012 में 24, 2013 में 25, 2014 में 38, 2015 में 54 और 2016 में 43 छक्के।
आईपीएल के इतिहास में बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में सबसे ज्यादा सिक्स लगे हैं। यहां पर 59 मैचों में 793 बार गेंद आसमानी रास्ते से सीमा पार गई है। आईपीएल में सबसे ज्यादा सिक्सर क्रिस गेल ने लगाए हैं। उन्होंने 125 छक्के चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही लगाए हैं। गेल ने आईपीएल में कुल 251 छक्के लगाए है। उनके बाद रोहित शर्मा (163) और सुरेश रैना (160) का नंबर आता है। आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने की टॉप 10 सूची में छह भारतीय और चार विदेशी खिलाड़ी हैं। विराट कोहली 149 सिक्स के साथ चौथे नंबर पर हैं। एमएस धोनी, एबी डिविलियर्स और युसुफ पठान ने 140-140 छक्के लगाए हैं।
एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में भी क्रिस गेल का दबदबा है। उन्होंने साल 2013 में सहारा पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 17 आसमानी सिक्स लगाए थे। इस मामले में टॉप-5 में तीन बार उनका नाम आता है। टॉप-5 में एक भी भारतीय नहीं है। नंबर दो ब्रेंडन मैक्कुलम, तीन पर गेल, चार पर एबी डिविलियर्स और पांच पर गेल का नाम है। इस सूची में मुरली विजय सर्वोच्च भारतीय हैं। वे ओवरऑल सातवें नंबर पर हैं और उन्होंने 2010 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 127 रन की पारी में 11 छक्के लगाए थे।

