राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने शुक्रवार (13 मई) को कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में टीम के साधारण प्रदर्शन के लिये कई कारण जिम्मेदार हैं और उन्होंने आलोचनाओं से घिरे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का समर्थन किया। धोनी आलोचनाओं का केंद्र बने हुए हैं और बल्लेबाजी में खुद को ऊपरी स्थान पर नहीं आने और अपने एक समय के विश्वस्त ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का कम इस्तेमाल करने के लिए उनकी काफी आलोचना भी हुई है।

फ्लेमिंग ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘यह सच है। लेकिन लोग टीमों के भाग्य में काफी दिलचस्पी लेते हैं ताकि वे टीम के प्रदर्शन और व्यक्तिगत योगदान का आकलन कर सके। लेकिन एक अन्य ग्रुप को एक साथ लाना एक बड़ी चुनौती थी। आपको बड़ी तेजी से लोगों को जानना होता है और सिर्फ इतना ही नहीं आपको अपना संयोजन भी ठीक करना होता है।’

अश्विन को लेकर चल रहे विवाद के बारे में फ्लेमिंग ने कहा कि ऐसा हालातों के कारण किया गया। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मिली सात विकेट की हार में 17वें ओवर में अश्विन को गेंदबाजी पर लगाने के बारे में कहा, ‘अगर आप शीर्ष के विकेट चटकाते हो तो इससे अपने स्पिनरों को मैच में लगाया जाता है। हमने कुछ पिचों पर ऐसा नहीं किया। धोनी कुछ खिलाड़ियों के खिलाफ इतिहास को जानते हुए स्पिनरों को लगाने में थोड़ा हिचक रहा था। कोहली अश्विन को बेहतर ढंग से खेलता है।’