भारत ने न्यूजीलैंड को विशाखापट्टनम वनडे में 190 रन से हराकर पांच मैच की सीरीज 3-2 से जीत ली है। टीम इंडिया ने फैंस को दिवाली पर जीत के रूप में तोहफा दिया है। भारत ने दो साल बाद घर में वनडे सीरीज जीती है। इससे पहले उसने साल 2014 में श्रीलंका को हराया था। इसके बाद भारत घर में वनडे सीरीज जीत नहीं पाया। हालांकि उसे केवल एक ही सीरीज में हार मिली थी। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका ने भारत को वनडे में हरा दिया था। इसके बाद भारत ने अपनी जमीं पर वनडे सीरीज खेली ही नहीं थी। बता दें कि साल 2014 में भी भारत ने जब सीरीज जीती थी तब कप्तान विराट कोहली थे। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने हाल के सालों में कोई बड़ी सीरीज नहीं जीती है। हालांकि उनके नेतृत्व में ही टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे दौरे पर 3-0 से सीरीज अपने नाम की थी।
इस अवधि में भारत को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 4-1 से हार मिली थी। साथ ही वेस्ट इंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज भी भारत 1-0 से हार गया था। भारत अब अगले साल इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगा। इसके बाद उसे चैंपियंस ट्रॉफी में खेलना है। भारत इस प्रतियोगिता में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगा। भारतीय वनडे टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का यह इस साल आखिरी मैच था। वे टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में 192 रन भी बनाए। इस सीरीज में वे भारत की ओर से दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहें। उनसे आगे विराट कोहली रहें जिन्होंने 358 रन बनाए।
विशाखापट्टनम वनडे में मेहमान टीम केवल 79 रन पर आउट हो गई। वनडे में यह उनका भारत के खिलाफ सबसे कम स्कोर है। कीवी टीम केवल 23.2 ओवर ही खेल पाई। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन के आउट होने के बाद उनकी टीम के बाकी बल्लेबाज केवल 16 रन जोड़कर आउट हो गए। विलियमसन का विकेट 63 रन पर गिरा था।

