टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अजेय रहते हुए वर्ल्ड चैंपियन बनी भारतीय टीम के लिए नए युग की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद पहले ही मैच में टीम उलटफेर का शिकार हो गई। दुनिया की 12वें नंबर की टीम जिम्बाब्वे ने उसे 13 रन से हरा दिया। हरारे में शनिवार (6 जुलाई) को जिम्बाब्वे के खिलाफ 115 रन के टारगेट के जवाब में भारतीय टीम 102 रन पर सिमट गई। 5 मैचों की टी20 सीरीज में 0-1 से पीछे हुई।
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम का यह पहला मैच था। बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण मेन इन ब्लू को उलटफेर का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम के केवल 3 बल्लेबाज ही दहाई आंकड़ा छू पाए। चार बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए। कप्तान शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए। वाशिंगटन सुंदर ने 34 गेंद पर 27 रन बनाए और अंत तक डटे रहे। आखिरी ओवर में उन्होंने बड़े शॉट्स खेलने की भरपूर प्रयास किया, पर वह ऐसा नहीं कर पाए।
नहीं चले डेब्यूटेंट
भारत के लिए इस मैच में 3 खिलाड़ियों अभिषेक शर्मा, रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने डेब्यू किया। तीनों ने बल्ले से निराश किया। अभिषेक खाता नहीं खोल पाए। वहीं पराग 2 और जुरेल 6 रन बनाकर आउट हुए। टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम पांचवीं बार 110 रन के अंदर ऑल आउट हो गई। पिछले 8 साल भारतीय टीम अपने न्यूनतम स्कोर पर ऑल आउट हुई।
जिम्बाब्वे ने भारत के सबसे कम स्कोर डिफेंड कर दिया
जिम्बाब्वे ने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सबसे कम स्कोर डिफेंड कर दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था। कीवी टीम ने 2016 में 127 रन डिफेंड किए थे। जिम्बाब्वे की टीम ने टी20 इंटरनेशनल में दूसरा सबसे कम स्कोर डिफेंड किया। उसने 2010 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 105 रन का टारगेट डिफेंड किया था। 2021 में आयरलैंड के खिलाफ 117 रन का टारगेट डिफेंड किया था।
भारत का विजय रथ रुका
भारतीय टीम 2024 में पहली बार कोई टी20 इंटरनेशनल मैच हारी। इससे पहले वह लगातार 12 मैच जीती। इससे पहले 2021-22 में भी वह लगातार 12 मैच जीती थी। कप्तान शुभमन गिल ने हार का जिम्मेदार बल्लेबाजों को ठहराया। पहीं सिकंदर रजा ने कहा कि काम अभी पूरा नहीं हुआ है। विश्व चैंपियन तो विश्व चैंपियन की तरह खेलते हैं इसलिए जिम्बाब्वे को अगले मैच के लिए तैयार रहना होगा।