टीम इंडिया के खिलाफ पहले टी-20 मैच से पहले साउथ अफ्रीका को बड़ा झटका लगा।शीर्ष क्रम के बल्लेबाज एडेन मार्कराम ने गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत के खिलाफ पहले टी 20 आई से पहले कोविड -19 पॉजिटिव पाए गए। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेंबा बावुमा ने टॉस के दौरान इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि ट्रिस्टन स्टब्स ने मार्कराम की जगह ली है और वह भी पदार्पण करेंगे।
टॉस पर बोलते हुए बावुमा ने कहा, ” हम पहले गेंदबाजी करेंगे। हमने कुछ दिन पहले यहां एक अभ्यास मैच खेला था, बाद में विकेट बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो जाती है। शुरुआत में यह थोड़ी धीमी रहती है। उम्मीद है, हम इसका फायदा उठा सकेंगे और उन्हें एक अच्छे स्कोर पर सीमित करके उसका पीछा कर सकेंगे। एडेन चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं क्योंकि वह पॉजिटिव हैं। स्टब्स उनकी जगह डेब्यू करेंगे। हम दो ऑलराउंडर ड्वेन प्रीटोरियस और वेन पार्नेल को खिलाएंगे। यह एक महत्वपूर्ण सीरीज है क्योंकि हम विश्व कप के बाद से एक ग्रुप के तौर पर एक साथ नहीं रहे हैं। यह ऑस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व कप की तैयारी है।”
शानदार फॉर्म में थे मार्कराम – मार्कराम ने हाल ही में संपन्न इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2022) में सनराइजर्स हैदराबाद के मध्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 14 मैचों में तीन अर्धशतकों की मदद से 381 रन बनाए। दाएं हाथ का बल्लेबाज साउथ अफ्रीका के लिए ओपनिंग करता है।
मुंबई इंडियंस से खेले थे स्टब्स- 21 वर्षीय स्टब्स भी आईपीएल 2022 का हिस्सा थे। उन्हें मुंबई इंडियंस की टीम में इंग्लैंड की टाइमल मिल्स के चोटिल होने के बाद मौका मिला। स्टब्स ने 2022 सीजन में पांच बार की चैंपियन के लिए दो मैच खेले। इस दौरान उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. भारत 9-19 जून के बीच पांच जगहों पर पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी कर रहा है।
दिनेश कार्तिक की वापसी- इस बीच टीम इंडिया की अगुवाई ऋषभ पंत कर रहे हैं। उन्होंने टॉस के दौरान बताया कि इशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ ओपनिंग करते दिखाई देंगे। वहीं दिनेश कार्तिक फिनिशर की भूमिका में होंगे। कार्तिक साल 2019 के बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए शानदार प्रदर्शन किया था।