इंग्लैंड ने शुक्रवार को नीदरलैंड के खिलाफ चार विकेट पर 498 रन बनाकर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में अपने ही सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इंग्लैंड ने इस तरह जून 2018 में ट्रेंट ब्रिज पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ छह विकेट पर 481 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। जोस बटलर, डेविड मलान और फिल सॉल्ट ने एम्सटरडम के बाहर एम्स्टेलवीन में शतक जड़े।

बटलर ने 47 गेंद में शतक जमाया जो इंग्लैंड के लिये दूसरा सबसे तेज शतक था। उन्होंने 162 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें टीम के 26 में से 14 छक्के जड़े थे। बटलर के नाम अब राष्ट्रीय टीम के लिये तीन सबसे तेज वनडे शतक हो गये हैं, उन्होंने 46 गेंद, 47 गेंद और 50 गेंद में सैकड़े बनाये हैं। सॉल्ट ने 93 गेंद में 122 रन और मलान ने 109 गेंद में 125 रन बनाये।

लियाम लिविंगस्टोन ने 22 गेंद में नाबाद 66 रन की पारी खेली। नीदरलैंड पहली बार क्रिकेट विश्व कप के बाहर इंग्लैंड के खिलाफ वनडे खेल रहा है। शेन स्नाटर ने इंग्लैंड को एक रन पर पहला झटका दिया और पीटर सीलार ने लगातार गेंदों पर दो विकेट झटके जिसमें कप्तान इयोन मोर्गन का शून्य पर आउट होना शामिल था।

वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे ज्यादा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी इंग्लैंड के ही नाम है। टीम ने नॉटिंघम में जून 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट पर 481 रन बनाये थे। इससे पहले अगस्त 2016 में इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट पर 444 रन बनाये थे। वहीं श्रीलंका वने जुलाई 2006 में नीदरलैंड के खिलाफ 443 रन बनाए थे।

टीम इंडिया ने पांच बार वनडे क्रिकेट में 400 से ज्यादा रन बनाये हैं। वेस्टइंडिज के खिलाफ टीम ने दिसंबर 2011 में पांच विकेट पर 418 रन बनाये थे। वहीं राजकोट में श्रीलंका के खिलाफ टीम ने दिसंबर 2009 में 7 विकेट पर 414 रन बनाये। 2007 वर्ल्ड कप में बरमूडा के खिलाफ 5 विकेट पर 413 रन बनाये। कोलकाता में नवंबर 2014 में 5 विकेट पर 404 रन बनाये। ग्वालियर में फरवरी 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 विकेट पर 401 रन बनाये।