भारतीयों के लिए पवित्र नदी गंगा देवी स्वरूप मानी जाती है, जिसमें नहाने से न सिर्फ लोगों के पाप धुलते हैं बल्कि मोक्ष की प्राप्ति भी होती है। अब इस धारणा को तमाम विदेशी भी मानते हैं। आए दिन ही विदेशों से लोग गंगा में स्नान करने आते और देश की सभ्यता का गुणगान करते हैं। ताजा घटनाक्रम में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स (Jonty Rhodes) ने ऋषिकेश आकर गंगा में डुबकी लगाई। इस बात की जानकारी भी खुद जोंटी ने अपने सोशल अकाउंट पर तस्वीर शेयर कर दी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर की है, जिसमें वह गंगा के गहरे पानी में दोनों हाथ जोड़कर डुबकी लगाते दिख रहे हैं। फोटो के कैप्शन में जोंटी ने लिखा, होली गंगा में डुबकी लगाने के भौतिक और फिजिकल दोनों ही फायदे हैं। इसी के साथ उन्होंने हैशटेग में ऋषिकेश, मोक्ष और इंटरनेशनल योग फेस्टिवल लिखा।
तस्वीर पर भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। भज्जी ने रोड्स की पोस्ट पर लिखा, अगली बार मुझे भी ले चलना। इस पर एक फैन ने भज्जी पर चुटकी लेते हुए लिखा, क्यों भाई गर्मी देनी है क्या…बता दें कि रोड्स और हरभजन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के लिए एक साथ काम कर चुके हैं। रोड्स मुंबई इंडियंस के कोच भी रह चुके हैं और हरभजन मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं।
रोड्स को भारत से बेहद प्यार हैं। उन्हें हमारे देश से इतना प्यार है कि उन्होंने अपनी बेटी का नाम भी इंडिया रखा है। जब भी वह भारत आते हैं तो यहां की आस्था और संस्कृति का गुणगान करते हैं। हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग से सीधा भारत लौटे हैं। आते ही उन्होंने गंगा में स्नान किया और पवित्र नदी को प्रणाम किया।
यहां कर उन्होंने ऋषिकेश में एक योग फेस्टिवल में भी हिस्सा लिया। उन्होंने योग को लेकर अपन विचार रखे और इससे होने वाले फायदे भी बताए। जोंटी खुद भी योग-प्राणायाम करने के शौकीन हैं। भारतीय फैंस जोंटी का भारत के लिए प्यार देख खुशी जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, अच्छा लगा देख के, पर जो इधर के हैं वे सेक्युलर की आड में हिंदुत्व को बदनाम करना है।
