भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह और विस्फोटक बल्लेबाज रोहित शर्मा एक-दूसरे के अच्छे दोस्त माने जाते हैं। सोशल मीडिया पर दोनों एक-दूसरे की खिंचाई करने से भी नहीं चूकते। दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर युवराज सिंह के साथ रोहित शर्मा डांस करते नजर आए। रोहित शर्मा ने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो शेय़र किया है। इस वीडियो में वह युवराज सिंह के साथ जमकर डांस कर रहे हैं। इसके अलावा हार्दिक पंड्या भी इन दोनों के साथ इस पार्टी में थिरकते नजर आए। रोहित शर्मा ने इस वीडियो को पोस्ट करने के साथ ही लिखा, ‘एक ऐसा शख्स जो मैदान के अंदर और बाहर अपने मूव्स दिखाता रहता है।’ रोहित शर्मा ने बुधवार को विंडीज के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी से एक बार फिर भारत को तेज शुरुआत दिलाने का काम किया।
रोहित और केएल राहुल की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत ही भारतीय टीम विंडीज के खिलाफ 240 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब हो सकी। इस जीत के साथ भारत ने टी-20 सीरीज भी अपने नाम किया। भारत को 15 दिसंबर (रविवार) से विंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेलना है। इस सीरीज से पहले रोहित शर्मा युवराज सिंह के साथ मस्ती भरे मूड में दिखाई दे रहे हैं। रोहित शर्मा युवराज की तरफ रैप सॉन्ग गाते हुए जा रहे हैं।
बता दें कि युवराज सिंह और रोहित शर्मा पिछले सीजन में आईपीएल में मुंबई की ओर से खेलते नजर आए थे। हालांकि, इस सीजन से पहले युवी को टीम ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। भले ही युवी मुंबई का हिस्सा नहीं हों, लेकिन वह अपनी पैनी नजर हमेशा रोहित शर्मा की बल्लेबाजी पर बनाए हुए रहते हैं। कई मौकों पर युवराज रोहित की तारीफ करते नजर आए हैं। युवी अक्सर टीम के प्रदर्शन को लेकर भी अपनी राय रखते हैं।
हाल ही में हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान युवी ने भारतीय फील्डरों की आलोचना की थी। युवराज ने अपने ट्वीट में लिखा था, ‘आज मैदान पर भारतीय टीम का बेहद खराब प्रदर्शन। युवा खिलाड़ियों ने काफी देर बाद रिएक्ट किया। क्या यह ज्यादा क्रिकेट का असर है??’


