CPL 2025: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 के 13वें मैच में सेंट लुसिया किंग्स ने गुयाना अमेजन वॉरियर्स को 4 विकेट से हरा दिया। इस मैच में गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 202 रन बनाए और इसके जबाव में सेंट लुसिया किंग्स ने 18.1 ओवर में 6 विकेट पर 203 रन बनाकर मैच जीत लिया।

इस मैच में गुयाना अमेजन वॉरियर्स के लिए रोमारियो शेफर्ड ने काफी अच्छी पारी खेली और 34 गेंदों पर नाबाद 73 रन बनाए। इस दौरान शेफर्ड का स्ट्राइक रेट 214.71 का रहा जबकि उन्होंने 7 छक्के और 5 चौके भी लगाए। शेफर्ड ने अपनी पारी के दौरान एक गेंद पर जहां 20 रन बनाए तो वहीं ओशेन थॉमस ने एक गेंद पर 22 रन लुटाए जो हैरान करने वाला रहा।

ओशेन थॉमस ने एक गेंद पर दिए 22 रन

इस मैच की पहली पारी में ओशेन थॉमस जब 15वां ओवर फेंकने के लिए आए तब उन्होंने कमाल ही कर डाला। इस ओवर की तीसरी गेंद फेंकने के लिए जो कुछ हुआ वैसा क्रिकेट इतिहास में शायद ही हुआ हो। उन्होंने अपनी तीसरी गेंद पूरी करने के लिए 5 गेंदें फेंकी और इस पर 22 रन लुटा दिए। आपको बताते हैं ये कैसे हुआ।

ओशेन थॉमस ने जो तीसरी गेंद फेंकी वो नो बॉल हो गई। उन्होंने फिर से ये गेंद फेंकी जो फिर से वाइड हो गई। इसके बाद उन्होंने फिर से गेंद फेंकी जो नो थी, लेकिन इस पर रोमारियो शेफर्ड ने छक्का लगा दिया। उन्होंने फिर से गेंद फेंकी जो फिर नो हो गई और इस पर भी रोमारियो शेफर्ड ने छक्का लगा दिया। इसके बाद उन्होंने जब 5वीं बार गेंद फेंकी वो सही रही, लेकिन इस पर फिर से छक्का लग गया। यानी रोमारियो शेफर्ड ने लगातार 3 छक्के लगाए और एक तरफ जहां ओशेन ने इस गेंद पर 22 रन दिए तो वहीं शेफर्ड ने इस गेंद पर कुल 20 रन जुटाए। इस पूरे ओवर में ओशेन थॉमस ने कुल 33 रन दिए।

ओशेन थॉमस द्वारा फेंकी गई तीसरी गेंद

तीसरे गेंद के लिए पहला प्रयास- नो बॉल।
तीसरे गेंद के लिए दूसरा प्रयास- वाइड बॉल।
तीसरे गेंद के लिए तीसरा प्रयास- नो बॉल और इस पर छक्का लगा।
तीसरे गेंद के लिए चौथा प्रयास- नो बॉल और इस पर छक्का लगा।
तीसरे गेंद के लिए पांचवां प्रयास- सही गेंद फेंकी, लेकिन इस पर भी छक्का लगा।