कॉलिन मुनरो की 57 गेंदों में 120 रनों की ऐतिहासिक पारी से ट्रिनबागो नाइट राइडर्स (TKR) ने कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 (CPL 2025) में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स को 12 रनों से हरा दिया। 38 साल के न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी ने 14 चौके और छह छक्के लगाए। इस पारी के साथ वह शाहरुख खान की टीम ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने निकोलस पूरन का रिकॉर्ड तोड़ा। वह सीपीएल में संयुक्त रूप से तीसरे सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर वाले खिलाड़ी बन गए।
मुनरो ने एलेक्स हेल्स (27 गेंदों पर 47 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 114 रन जोड़े। इससे ट्रिबागो नाइट राइडर्स का स्कोर 231/5 हो गया। यह टूर्नामेंट के इतिहास का सातवां सर्वोच्च स्कोर था। सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के लिए काइल मेयर्स (32) और आंद्रे फ्लेचर (41) ने पहले विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी की, लेकिन यह जोड़ी पांच गेंद के अंदर स्पिनर उस्मान तारिक और अकील होसेन का शिकार बन गई।
नाइट राइडर्स तालिका में शीर्ष पर पहुंची
कप्तान होल्डर ने 22 गेंदों में 44 रन बनाए, लेकिन उनकी टीम 7 विकेट पर 219 ही बना पाई। अपने पहले मैच में जीत से नाइट राइडर्स तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। पैट्रियट्स तीन मैचों में एक जीत के साथ एक स्थान गिरकर तीसरे नंबर पर आ गई। मुनरो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन दुनिया भर की टी20 लीग में अपनी धाक जमाए हुए हैं। उन्होंने चार साल बाद अपना पहला टी20 शतक लगाया। इससे पहले वह सीपीएल में दो साल पहले सेंट लूसिया किंग्स के लिए खेले थे।
ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ पारी
ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ पारी कोलिन मुनरो के नाम हो गई। इस टीम के लिए उन्होंने दूसरा शतक लगाया। इससे पहले सर्वश्रेष्ठ पारी निकोलस पूरन के नाम था। पूरन ने बारबडोस रॉयल्स के खिलाफ 2023 में नाबाद 102 रन बनाए। इसके अलावा वह 101 रन की पारी के साथ तीसरे नंबर पर भी काबिज हैं। मुनरो और मार्टिन गुप्टिल नाबाद 100 रन की पारी खेल चुके हैं।