राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) में 24 साल बाद क्रिकेट की वापसी हो गई है। 29 जुलाई को बर्मिंघम खेलों के पहले मैच में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। इससे पहले 8 साल बाद एशियाई खेलों में भी क्रिकेट की वापसी का ऐलान किया गया था। कॉमनवेल्थ गेम्स के सभी प्रतिभागियों का ऐलान करने वाला क्रिकेट पहला खेल बन गया है। जिसमें महिला टी20 टूर्नामेंट में श्रीलंका 8वीं टीम होगी।

लीग सह नाकआउट महिला टूर्नामेंट महिला 2020 टी20 विश्व कप उपविजेता ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच 29 जुलाई को मैच से शुरू होगा। फाइनल और कांस्य पदक के मुकाबले सात अगस्त को खेले जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और राष्ट्रमंडल खेल महासंघ ने कुआलालम्पुर में पिछले सप्ताह राष्ट्रमंडल खेल क्वालीफायर में श्रीलंका की जीत के बाद इसका ऐलान किया।

ऑस्ट्रेलिया, बारबाडोस, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में महिला क्रिकेट पहली बार खेला जा रहा है। इससे पहले 1998 में एक बार पुरूष क्रिकेट इन खेलों का हिस्सा था। उस समय शॉन पोलाक की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीका टीम ने स्टीव वॉ की ऑस्ट्रेलियाई टीम को फाइनल में चार विकेट से हराया था।

उन खेलों में सचिन तेंदुलकर, जैक कालिस और महेला जयवर्धने जैसे सितारों ने भाग लिया था। इस बार लीग सह नाकआउट टूर्नामेंट 29 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच मैच से शुरू होगा। फाइनल सात अगस्त को खेला जाएगा। बारबाडोस, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और भारत ग्रुप ए में हैं जबकि इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका ग्रुप बी में हैं।

आईसीसी, सीजीएफ और राष्ट्रमंडल खेल श्रीलंका ने श्रीलंकाई टीम को क्वालीफाई करने पर बधाई दी है। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी ज्यौफ अलार्डिस ने कहा,‘‘राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाली सभी टीमों का ऐलान हो गया है । आठ सर्वश्रेष्ठ टीमें स्वर्ण पदक के लिये खेलेंगी और यह काफी प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट होगा।’’ बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 28 जुलाई से 8 अगस्त तक खेले जाएंगे जिसमें 72 देशों के 4500 खिलाड़ी भाग लेंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले एशियाई खेलों में 8 साल बाद क्रिकेट की वापसी का ऐलान किया गया था। सबसे पहले 2010 एशियाई खेलों में क्रिकेट को शामिल किया गया था। तब बांग्लादेश की टीम ने पुरुषों और पाकिस्तान की टीम ने महिलाओं का गोल्ड मेडल जीता था। आखिरी बार 2014 में हुए एशियाई खेलों में भी क्रिकेट शामिल था। तब पुरुषों में श्रीलंका और महिलाओं में पाकिस्तान की टीम ने स्वर्ण पदक जीता था।