योगी आदित्यनाथ की उत्तर प्रदेश सरकार में स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त 2025) पर वाराणसी में डॉ. भीमराव अम्बेडकर क्रीड़ा स्थल में हाकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के मौके पर हॉकी प्रतियोगिता का बताया जा रहा है।

वीडियो में रविंद्र जायसवाल बनारस की जिला पंचायत अध्‍यक्ष पूनम मौर्या के साथ हॉकी खेलते दिख रहे हैं। दोनों के बीच कुछ दूर तक गेंद को कब्जे में लेने की होड़ चली फिर पूनम मौर्या से आगे निकलते हुए रविंद्र जायसवाल डी की ओर से बढ़ गए। हालांकि, डी के अंदर पहुंचते ही फिसलकर गिर पड़े। नतीजा यह हुआ कि गोलपोस्ट खाली होने के बावजूद वह गोल करने से चूक गए।

वैसे मैदान पर मौजूद रविंद्र जायसवाल के समर्थकों ने तालियां बजाकर उनका खूब उत्सावर्धन किया। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने खूब मजे लिए। अजय राय ने X (पूर्व में ट्विटर) वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘योग से शुरू हुआ खेल और हॉकी पर खत्म! मंत्री जी कुर्ता-पजामा में मैदान में उतरे और गिरते-गिरते सरकार की तरह संभल नहीं पाए। जनता देख रही है ये खेल और हकीकत दोनों।’

सोशल मीडिया यूजर्स ने लिए मजे

कमेंट में यूजर्स भी खूब मजे ले रहे हैं। एक ने लिखा, ‘जैसवाल जी सिर्फ मोदी जी की वजह से चुनाव जीत रहे हैं।’ एक अन्य ने सवाल किया, ‘ये मंत्री लोग हमेशा गिरते क्यों रहते हैं?’ वहीं दूसरे ने लिखा, ‘ये सभी संघी लोग सिर्फ नफरत के खेल में माहिर हैं बाकी सब दिखावा है।’ नीचे वीडियो में उत्तर प्रदेश सरकार में स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल और वाराणसी की जिला पंचायत अध्‍यक्ष पूनम मौर्या को हॉकी खेलते हुए देखा जा सकता है।

Watch Video: देखें वीडियो

तीन बार के विधायक हैं रविंद्र जायसवाल

रविंद्र जायसवाल तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। वह वाराणसी की उत्तर क्षेत्र सीट से भाजपा के टिकट पर जीते हैं। इससे पहले उन्होंने 2002 और 2005 में वाराणसी उत्तर से उपचुनाव लड़ा था। साल 1992 में राम जन्मभूमि विवादित ढांचा विध्वंस के दौरान कार सेवा के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया था।