IPL 2022 CSK vs PBKS: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 का 11वां मैच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 54 रन से हरा दिया। पंजाब की आईपीएल 2022 में यह दूसरी जीत है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स की यह लगातार तीसरी हार है।

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रविंद्र जडेजा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 180 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स 18 ओवर में 126 रन पर ऑलआउट हो गई। पंजाब की ओर से राहुल चाहर ने 25 गेंद देकर 3 विकेट लिए।

डेब्यू मैच खेल रहे वैभव अरोरा ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट झटके। कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह और ओडियन स्मिथ ने एक-एक विकेट लिए। चेन्नई की ओर से शिवम दुबे हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 30 गेंद में 57 रन बनाए। धोनी 28 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। चेन्नई के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए।

पंजाब किंग्स की ओर से लियाम लिविंगस्टोन ने बैट और बॉल दोनों से कमाल किया। उन्होंने पहले 32 गेंद में 60 रन बनाए। बाद में 3 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट भी लिए। उन्होंने दोनों विकेट लगातार 2 गेंदों पर लिए। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उनके अलावा वैभव अरोरा ने भी प्रभावित किया। पंजाब के इस गेंदबाज ने पावरप्ले में ही चेन्नई सुपर किंग्स को बैकफुट पर ला दिया था।

इससे पंजाब किंग्स ने पावरप्ले में 2 विकेट पर 72 रन बनाए थे। हालांकि, आखिरी 6 ओवर्स में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। उसने अपने आखिरी 4 विकेट सिर्फ 30 रन पर गंवाए।पंजाब का 14 ओवर के बाद स्कोर 4 विकेट पर 142 रन था। इसके बाद उसने अगले 6 ओवर में सिर्फ अपने खाते में 38 रन जोड़े और 4 विकेट भी गंवाए। पंजाब ने 146 के स्कोर पर अपना 5वां, 151 के स्कोर पर छठा, 161 के स्कोर पर 7वां और 176 के स्कोर पर 8वां विकेट गंवाया।

IPL 2022: 40 साल के धोनी ने सुपरमैन बन पंजाब के बल्लेबाज को किया रन आउट, देखें Video

इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया। उसने तुषार देशपांडे की जगह क्रिस जॉर्डन को शामिल किया। पंजाब किंग्स दो बदलाव के साथ मैदान पर उतरी। उसने हरप्रीत बराड़ की जगह दोनों तरफ से स्विंग कराने वाले वैभव अरोड़ा और राज बावा की जगह जितेश शर्मा प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।

ये थीं चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन

पंजाब किंग्स: मयंक अग्रवाल (कप्तान), शिखर धवन, भानुका राजपक्षे (विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, शाहरुख खान, जितेश शर्मा, ओडियन स्मिथ, अर्शदीप सिंह, कगिसो रबाडा, राहुल चाहर, वैभव अरोड़ा।

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, रॉबिन उथप्पा, मोईन अली, अंबाती रायुडू, रविंद्र जडेजा (कप्तान), एमएस धोनी (विकेटकीपर), शिवम दुबे, ड्वेन ब्रावो, क्रिस जॉर्डन, ड्वेन प्रिटोरियस, मुकेश चौधरी।

Match Ended

Indian Premier League, 2022

Chennai Super Kings 
126 (18.0)

vs

Punjab Kings  
180/8 (20.0)

Match Ended ( Day – Match 11 )
Punjab Kings beat Chennai Super Kings by 54 runs

Live Updates

IPL 2022, CSK vs PBKS Live Score: आईपीएल के इतिहास में पंजाब किंग्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स का पलड़ा भारी रहा है।

23:25 (IST) 3 Apr 2022
PBKS vs CSK Live Match Score:पंजाब के गेंदबाजों ने चेन्नई के बल्लेबाजों को नहीं दिया क्रीज पर पैर जमाने का मौका

पंजाब किंग्स ने इस मैच को आसानी से अपने नाम कर लिया। 181 रन का बचाव करने उतरे पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। शिवम और धोनी को छोड़ दें तो उन्होंने चेन्नई के किसी भी बल्लेबाज को क्रीज पर पैर नहीं जमाने दिए। लियाम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में ही शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पंजाब की इस जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाई। चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से शिवम दुबे और एमएस धोनी ने कुछ अच्छे शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन यह टीम की वापसी के लिए नाकाफी रहा।

23:10 (IST) 3 Apr 2022
CSK vs PBKS Live Match Score: पंजाब किंग्स को रिव्यू से मिला एमएस धोनी का विकेट

राहुल चाहर 18वां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर एमएस धोनी को विकेट के पीछे जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। धोनी 28 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। धोनी ने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। धोनी की जगह मुकेश चौधरी आए। धोनी का यह विकेट पंजाब को रिव्यू लेने के बाद मिला।

23:08 (IST) 3 Apr 2022
IPL 2022: PBKS vs CSK: चेन्नई को 3 ओवर में चाहिए 60 रन

चेन्नई सुपर किंग्स ने 17वें ओवर 14 रन बनाए। अब उसे 3 ओवर में जीत के लिए 60 रन की दरकार है। चेन्नई का स्कोर 8 विकेट पर 121 रन है। धोनी के 27 गेंद में 23 रन हैं। जॉर्डन ने 2 गेंद में 2 रन बनाए हैं।

23:03 (IST) 3 Apr 2022
Chennai Super Kings vs Punjab Kings IPL Live Score: राहुल चाहर ने पंजाब को दिलाई 8वीं सफलता दिलाई

राहुल चाहर ने पंजाब किंग्स को 8वीं सफलता दिलाई। राहुल ने 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ड्वेन प्रिटोरियस को पवेलियन भेजा। प्रिटोरियस ने राहुल के इसी ओवर दूसरी गेंद पर छक्का जड़ा था। प्रिटोरियस 4 गेंद में 8 रन बनाकर आउट हुए। प्रिटोरियस की जगह क्रिस जॉर्डन क्रीज पर आए।

22:59 (IST) 3 Apr 2022
PBKS vs CSK Live Match Score: खाता भी नहीं खोल पाए डीजे ब्रावो

शिवम दुबे की जगह डीजे ब्रावो क्रीज पर आए। लिविंगस्टोन ने उन्हें आखिरी गेंद पर खुद ही कैच कर लिया। लिविंगस्टोन की यह गेंद ऑफ स्टंप पर लेग ब्रेक थी। ब्रावो ने लंबा पैर निकाल कर गेंद को रोकने गए। उन्होंने काफी हार्ड हैंड से खेला। गेंद बल्ले पर लगने के बाद गेंदबाज के बाईं ओर उड़ते हुए गई। लिविंगस्टन ने बाईं ओर गोता लगाया और एक हाथ से गेंद कैच पकड़ सबको चौंका दिया। ब्रावो खाता नहीं खोल पाए।

22:57 (IST) 3 Apr 2022
CSK vs PBKS Live Match Score:अर्धशतक बना पवेलियन लौटे शिवम दुबे

गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने के बाद लियाम लिविंगस्टन अब बॉलिंग से कहर बरपा रहे हैं। उन्होंने 15वें ओवर की आखिरी और पांचवीं गेंद पर लगातार विकेट झटके। लिविंगस्टोन ने पांचवीं गेंद पर शिवम दुबे को शॉर्ट थर्डमैन पर अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। शिवम दुबे 30 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए।

22:50 (IST) 3 Apr 2022
IPL 2022: PBKS vs CSK: शिवम दुबे ने 14वें ओवर में पूरा किया अपना पचासा

शिवम दुबे ने 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर अपना पचासा पूरा किया। वह पिछले मैच में 49 रन बनाकर आउट हुए थे। 14 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर 5 विकेट पर 90 रन है। धोनी ने 20 गेंद में 10 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 41 गेंद में 54 रन साझेदारी हो चुकी है।

22:44 (IST) 3 Apr 2022
IPL 2022: CSK vs PBKS: एमएस धोनी और शिवम दुबे ने 33 गेंद में जोड़े 36 रन

चेन्नई सुपर किंग्स 13 ओवर खेल चुकी है। उसका स्कोर 5 विकेट पर 72 रन है। 13वां ओवर लियाम लिविंगस्टोन लेकर आए। उनके इस ओवर में चेन्नई सिर्फ 3 रन ही बना पाई। इससे पहले 12वें ओवर में चेन्नई ने 8 रन अपने खाते में जोड़े थे। धोनी और शिवम दुबे के बीच 33 गेंद में 36 रन की साझेदारी हो चुकी है। शिवम दुबे के 20 गेंद में 35 रन हैं। इसमें उनके 5 चौके और एक छक्का शामिल है। धोनी को 19 गेंद में 10 रन हैं।

22:35 (IST) 3 Apr 2022
Chennai Super Kings vs Punjab Kings IPL Live Score: शिवम दुबे कर रहे हैं ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

चेन्नई सुपर किंग्स 11 ओवर खेल चुकी है। उसका स्कोर 5 विकेट पर 61 रन है। धोनी और शिवम दुबे के बीच 21 गेंद में 25 रन की साझेदारी हो चुकी है। शिवम दुबे के 16 गेंद में 28 रन हैं। इसमें उनके 4 चौके और एक छक्का शामिल है। धोनी ने 10 गेंद में 5 रन हैं।

22:33 (IST) 3 Apr 2022
IPL 2022: CSK vs PBKS: चेन्नई को 8वें ओवर में लगा 5वां झटका

चेन्नई को 8वें ओवर में पांचवां झटका लगा। ओडियन स्मिथ ने अपनी तीसरी गेंद पर अंबाती रायुडू को जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। रायुडू 21 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए। आठ ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर 5 विकेट पर 38 रन है। रायुडू की जगह एमएस धोनी क्रीज पर आए।

22:08 (IST) 3 Apr 2022
IPL 2022: PBKS vs CSK: अर्शदीप ने जडेजा को नहीं खोलने दिया खाता

छठा ओवर अर्शदीप सिंह लेकर आए। अर्शदीप ने अपनी तीसरी गेंद पर रविंद्र जडेजा को बोल्ड कर दिया। जडेजा भी अपना खाता नहीं खोल पाए। जडेजा की जगह शिवम दुबे क्रीज पर आए हैं। शिवम ने अपनी ही गेंद पर चौका जड़कर खाता खोला। अर्शदीप के इस इस ओवर में चेन्नई ने रन बनाए और एक विकेट गंवाया। छह ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर 4 विकेट पर 27 रन है। अंबाती रायुडू ने 14 गेंद में 8 रन बनाए हैं। शिवम दुबे के 3 गेंद में 4 रन हैं।

22:05 (IST) 3 Apr 2022
CSK vs PBKS Live Match Score: चेन्नई को पांचवें ओवर में लगा तीसरा झटका, मोईन अली नहीं खोल पाए खाता

चेन्नई सुपर किंग्स को 5वें ओवर की चौथी गेंद पर तीसरा विकेट गंवाया। वैभव अरोड़ा ने अपने ओवर की चौथी गेंद पर मोईन अली को बोल्ड कर दिया। मोईन अली बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। मोईन की जगह रविंद्र जडेजा क्रीज पर आए हैं।

21:56 (IST) 3 Apr 2022
PBKS vs CSK Live Match Score: दो साल में पहली बार पावरप्ले में आउट हुए रॉबिन उथप्पा

दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर वैभव अरोड़ा ने पंजाब को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने रॉबिन उथप्पा को मिडऑफ पर मयंक अग्रवाल के हाथों कैच कराया। उथप्पा 10 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए। उथप्पा दो सीजन में पहली बार पावरप्ले में आउट हुए हैं। उथप्पा की जगह मोईन अली और ऋतुराज की जगह अंबाती रायुडू क्रीज पर आए हैं। चार ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर 2 विकेट पर 21 रन है। रायुडू के 10 गेंद में 6 रन हैं। मोईन अली का अभी खाता नहीं खुला है।

21:52 (IST) 3 Apr 2022
Chennai Super Kings vs Punjab Kings IPL Live Score: रबाडा ने पंजाब को दिलाई पहली सफलता

पंजाब किंग्स को 3 गेंद में दो सफलताएं मिलीं। कगिसो रबाडा ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ को शिखर धवन के हाथों कैच कराया। ऋतुराज गायकवाड़ 4 गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए। वह इस सीजन लगातार तीसरे मैच में दहाई का आंकड़़ा नहीं छू पाए।

21:40 (IST) 3 Apr 2022
PBKS vs CSK Live Match Score: उथप्पा ने दो रन लेकर अपना और टीम का खाता

चेन्नई सुपर किंग्स के सामने लक्ष्य बड़ा नहीं है। हालांकि, शुरुआत में उसके दोनों सलामी बल्लेबाजों ऋतुराज गायकवाड़ और रॉबिन उथप्पा को संभलकर खेलना होगा। पंजाब किंग्स की ओर से वैभव अरोड़ा पहला ओवर लेकर आए। उथप्पा ने उनकी दूसरी गेंद पर दो रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला।

21:34 (IST) 3 Apr 2022
PBKS vs CSK Live Match Score: आखिरी 5 ओवर में सिर्फ 33 रन ही बना पाई पंजाब किंग्स

चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों ने मध्य के ओवरों में जबरदस्त वापसी की और पंजाब किंग्स को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। पंजाब 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा कर सकती थी लेकिन पहले मिडिल ओवरों में वापसी और डेथ ओवर्स में ड्वेन प्रिटोरियस और क्रिस जॉर्डन की सटीक गेंदबाजी ने पंजाब के बल्लेबाजों को हाथ नहीं खोलने दिए। आखिरी 5 ओवर में पंजाब 33 रन ही बना पाया।

21:18 (IST) 3 Apr 2022
CSK vs PBKS Live Match Score: जॉर्डन ने चेन्नई को दिलाई बहुत बड़ी सफलता

18वें ओवर के पहली गेंद पर पंजाब किंग्स ने एक और विकेट गंवाया। क्रिस जॉर्डन की गेंद पर ड्वेन ब्रावो ने लांग ऑन पर ओडियन स्मिथ को लपका। स्मिथ 7 गेंद में 3 रन बनाकर आउट हुए। 18 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर 7 विकेट पर 166 रन है।

21:04 (IST) 3 Apr 2022
PBKS vs CSK Live Match Score: पंजाब किंग्स ने 16वें ओवर में गंवाया शाहरुख खान का विकेट

16 ओवर का खेल हो चुका है। 16 ओवर के बाद पंजाब किंग्स का स्कोर 6 विकेट पर 152 रन है। क्रिस जॉर्डन के इस ओवर की चौथी गेंद पर पंजाब ने शाहरुख खान का विकेट गंवाया। जॉर्डन की यह गेंद लो फुलटॉस थी। शाहरुख ने कलाइयों के सहारे हवाई फ्लिक किया, लेकिन ठीक से बल्ले पर नहीं आई और बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर प्रिटोरियस ने शानदार कैच लपक लिया। शाहरुख 11 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हुए। शाहरुख की जगह कगिसो रबाडा क्रीज पर आए हैं।

21:01 (IST) 3 Apr 2022
IPL 2022: PBKS vs CSK: पंजाब ने 15वें ओवर में गंवाया अपना 5वां विकेट

15 ओवर का खेल हो चुका है। 15 ओवर के बाद पंजाब किंग्स का स्कोर 5 विकेट पर 147 रन है। ड्वेन प्रिटोरियस के इस ओवर की पांचवीं गेंद पर जितेश शर्मा ने अपना विकेट गंवाया। जितेश 3 छक्के की मदद से 17 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह ओडियन स्मिथ क्रीज पर आए।

20:40 (IST) 3 Apr 2022
CSK vs PBKS Live Match Score: ब्रावो की गेंद पर चकमा खा गए शिखर धवन

इससे पहले 10वां ओवर डीजे ब्रावो लेकर आए थे। उनकी आखिरी गेंद स्लोवर वन थी। शिखर धवन टाइम नहीं कर पाए। वह कवर के ऊपर से ऑफ साइड में खेलना चाहते थे। हालांकि, कवर पर रविंद्र जडेजा को कैच थमा बैठे। धवन 24 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और एक छक्का लगाया। लिविंगस्टोन की जगह शाहरुख खान क्रीज पर आए हैं। पंजाब का 12 ओवर के बाद स्कोर 4 विकेट पर 123 रन है।

20:36 (IST) 3 Apr 2022
PBKS vs CSK Live Match Score: पंजाब को 5 गेंद में लगे 2 झटके

पंजाब किंग्स को 5 गेंद के भीतर दो बड़े झटके लगे। पहले 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर शिखर धवन पवेलियन लौटे। इसके बाद 11वें ओवर की चौथी गेंद पर लियाम लिविंगस्टोन ने शॉर्ट थर्ड मैन पर अंबाती रायुडू को कैच थमा दिया। लिविंगस्टोन 32 गेंद में 60 गेंद रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 5 छक्के लगाए। लिविंगस्टोन का विकेट लेने के साथ ही रविंद्र जडेजा ने इस सीजन अपने विकेटों का खाता खोला।

20:26 (IST) 3 Apr 2022
Chennai Super Kings vs Punjab Kings IPL Live Score: 9 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर 2 विकेट पर 96 रन

नौ ओवर के बाद पंजाब किंग्स का स्कोर 2 विकेट पर 96 रन है। लियाय लिविंगस्टोन के 26 गेंद में 48 और शिखर धवन के 21 गेंद में 28 रन हैं। दोनों के बीच 46 गेद में 82 रन की साझेदारी हो चुकी है।

20:04 (IST) 3 Apr 2022
PBKS vs CSK Live Match Score: मुकेश चौधरी ने एक ओवर में लुटाए 26 रन

पांचवें ओवर से पंजाब किंग्स के खाते में 26 ओवर में आए। मुकेश चौधरी के इस ओवर में लियाम लिविंगस्टोन ने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। लियाम लिविंगस्टोन ने ओवर की पहली और छठी गेंद पर छक्का लगाया, जबकि तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर चौके जड़े। पांच ओवर के बाद पंजाब किंग्स का स्कोर 2 विकेट पर 57 रन है।

19:53 (IST) 3 Apr 2022
CSK vs PBKS: लियाम लिविंगस्टोन ने 3 गेंद में जड़े 2 छक्के

तीसरे ओवर में पंजाब किंग्स के खाते में 12 रन बनाए। मुकेश चौधरी के इस ओवर में लियाम लिविंगस्टोन ने एक चौका और दो छक्के लगाए। लियाम लिविंगस्टोन ने ओवर की चौथी और छठी गेंद पर छक्का जड़ा। तीन ओवर के बाद पंजाब का स्कोर 2 विकेट पर 29 रन है।

19:46 (IST) 3 Apr 2022
PBKS vs CSK Live Match Score: पंजाब को दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर लगा दूसरा झटका

पंजाब किंग्स को दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर दूसरा झटका लगा। इस बार माही ने गेंद को सही समय पर विकेट पर गेंद मार दी। भानुका राजपक्षे हां-नां, हां-नां में रन आउट हो गए। चेन्नई के लिए दूसरा ओवर क्रिस जॉर्डन लेकर आए। उनकी यह गेंद मिडिल स्टंप पर लेंथ बॉल थी, बढ़िया उछाल थी। भानुका गेंदबाज के बाईं ओर खेल कर रन के लिए निकले थे। जॉर्डन ने चपलता से गेंद को पकड़ कर स्ट्राइक कर एंड पर थ्रो किया। गेंद विकेट पर नहीं लगी, धोनी आगे की तरफ भागते हुए आ रहे थे। उन्होंने गेंद को पकड़ा और डाइव लगाते हुए गेंद को विकेट पर मार दिया। भानुका 5 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक छक्का लगाया। भानुका की जगह लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर आए हैं। दो ओवर के बाद पंजाब का स्कोर 2 विकेट पर 17 रन है।

19:39 (IST) 3 Apr 2022
CSK vs PBKS Live Match Score: पहले ओवर में पंजाब ने बनाए 8 रन, गंवाया एक विकेट

मयंक अग्रवाल की जगह भानुका राजपक्षे क्रीज पर आए। उन्होंने चौथी गेंद पर दो रन लेकर अपना खाता खोला। एक ओवर के बाद पंजाब का स्कोर एक विकेट पर 8 रन है। भानुका के 3 रन हैं। धवन ने अभी खाता नहीं खोला है।

19:32 (IST) 3 Apr 2022
IPL 2022: PBKS vs CSK: चौका जड़ मयंक अग्रवाल लौटे पवेलियन

पंजाब किंग्स की ओर से मयंक अग्रवाल और शिखर धवन ने पारी की शुरुआत की। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मुकेश चौधरी पहला ओवर लेकर आए। मयंक ने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर अपना और टीम का खाता खोला। हालांकि, मुकेश चौधरी ने उन्हें दूसरी ही गेंद पर रॉबिन उथप्पा के हाथों कैच करा दिया।

19:19 (IST) 3 Apr 2022
IPL 2022: CSK vs PBKS: मैच से पहले ही ऋतुराज ने साफ कर दिए अपने इरादे

चेन्नई सुपर किंग्स के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ ने मैच से पहले कहा, एक टीम के रूप में हमने यह स्वीकार किया है कि इस स्टेडियम में लक्ष्य का बचाव करना आसान नहीं है। उसके बारे में टीम मीटिंग में भी बात हुई है। यहां दूसरी पारी में फील्डिंग करना भी आसान नहीं है। मैं कोशिश करूंगा कि एक सलामी बल्लेबाज के तौर पर बढ़िया प्रदर्शन करूं। टीम को एक बढ़िया स्टार्ट मिलना जरूरी है। गेंदबाजों को रास्ता तलाशना होगा कि कैसे वह यहां कि पिच का फायदा उठा सकते हैं।

19:15 (IST) 3 Apr 2022
PBKS vs CSK: मयंक अग्रवाल और शिखर धवन पंजाब को दिला सकते हैं ताबड़तोड़ शुरुआत

पंजाब किंग्स के पास कुछ बड़े हिटर हैं। हालांकि, वे कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लड़खड़ा गए। छह विकेट की हार से सतर्क होकर वे जीत की राह पर लौटने के लिए उत्सुक होंगे। कप्तान मयंक अग्रवाल चेन्नई के खिलाफ मैच में बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे। मयंक अग्रवाल, शिखर धवन, भानुका राजपक्षे पंजाब किंग्स को अच्छी शुरुआत दिलाने में सक्षम हैं। इन तीनों के दम पर पंजाब किंग्स आसानी से विपक्षी आक्रमण पर हावी हो सकता है।

19:14 (IST) 3 Apr 2022
CSK vs PBKS: पंजाब किंग्स के खिलाफ कई मोर्चों पर जडेजा को करने होंगे सुधार

शुरुआती गेम में चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी यूनिट विफल रही थी। वहीं दूसरे मैच में भारी ओस ने गेंदबाजों के लिए राह मुश्किल कर दी थी। टीम 211 रन के लक्ष्य का बचाव करने में विफल रही थी। ऐसे में टीम के नए कप्तान रविंद्र जडेजा पंजाब किंग्स के खिलाफ कई मोर्चों पर सुधार की कोशिश करेंगे।

IPL 2022, CSK vs PBKS Live Score (आईपीएल लाइव क्रिकेट टुडे मैच स्कोर):आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच अब तक 26 मैच खेले गए हैं। इनमें से चेन्नई सुपर किंग्स ने 16 मैच जीते हैं। वहीं, पंजाब किंग्स 10 मैच ही जीतने में सफल रही है। ब्रेबोर्न स्टेडियम में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने हैं। हालांकि, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोनों के बीच 3 मैच खेले गए हैं। इनमें से 2 में चेन्नई सुपर किंग्स और एक में पंजाब किंग्स को जीत मिली है। भारत में दोनों के बीच 20 मैच खेले गए हैं। इनमें से चेन्नई सुपर किंग्स ने 12 में जीत हासिल की है, जबकि 8 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। दोनों के बीच आखिरी पांच मुकाबलों की भी बात करें तो उसमें भी चेन्नई का पलड़ा भारी है। चेन्नई ने 3 और पंजाब को 2 बार जीत मिली है।