भारतीय वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 मिशन के जरिए 23 अगस्त 2023 को इतिहास रच दिया। इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) के चंद्रयान-3 मिशन का लैंडर मॉड्यूल शाम 6 बजकर 4 मिनट पर सफलतापूर्वक चंद्रमा की सतह पर उतर गया। लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान से युक्त लैंडर मॉड्यूल की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग हुई। इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया।

यही नहीं, अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ के बाद भारत चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया। चंद्रमा की सतह पर अमेरिका, पूर्व सोवियत संघ और चीन ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ कर चुके हैं। इसरो (ISRO) को इतिहास रचते देखने की साक्षी आयरलैंड दौरे पर गई टीम इंडिया भी बनी।

सफल लैंडिंग देखते ही नहीं रहा टीम इंडिया की खुशी का ठिकाना

टीम इंडिया ने डबलिन से इसरो और देश के वैज्ञानिकों को चीयर किया। भारतीय टी20 टीम ने जब डबलिन में टीवी पर चंद्रयान-3 को चंद्रमा की सतह पर लैंड करते देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सभी खिलाड़ियों ने ताली बजाकर इसरो की सफलता को सलाम किया। बीसीसीआई ने इसकी तस्वीर और वीडियो भी शेयर किया है। नीचे आप भी वीडियो में टीम इंडिया को इतिहास की साक्षी बनते देख सकते हैं।

बीसीसीआई ने ट्वीट के कैप्शन में लिखा, ‘इतिहास रचा गया, चंद्रयान मिशन सफल। बधाई हो भारत।’ एक अन्य ट्वीट में बीसीसीआई ने लिखा, ‘जिस क्षण भारत का विक्रम लैंडर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरा, डबलिन से इतिहास की साक्षी बनी टीम इंडिया!’

Chandrayaan 3 landing moon mission | vikram pragyan rover | Team India | cheers ISRO Dublin | Watch Video |
चंद्रयान-3 की सफलता पर भारतीय वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने यह तस्वीर अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की।

बीसीसीआई ने ट्वीट को #चंद्रयान3 #टीमइंडिया को टैग भी किया। इसके अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा, पूर्व कप्तान विराट कोहली, भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, आकाश चोपड़ा समेत ने भी इसरो की सफलता को सलाम किया है।

रोहित शर्मा ने लिखा, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने वाला पहला देश। हममें से हरएक के लिए गर्व का क्षण। इसरो को उनके सभी प्रयासों के लिए बहुत-बहुत बधाई। सचिन तेंदुलकर ने लिखा, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा।