अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान ने 26 फरवरी 2025 को पाकिस्तान के लाहौर में इतिहास रचा। इब्राहिम जादरान ने गद्दाफी स्टेडियम में चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए 146 गेंद में 177 रन ठोक दिए। इसके साथ ही वह चैंपियंस ट्रॉफी के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोरर बन गए। इब्राहिम जादरान ने इंग्लैंड के बेन डकेट का रिकॉर्ड तोड़ा। खास यह है कि बेन डकेट ने 22 फरवरी 2025 को ही चैंपियंस ट्रॉफी के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोरर का रिकॉर्ड अपने नाम किया था, लेकिन इब्राहिम जादरान ने उनका कीर्तिमान 4 दिन में ही ध्वस्त कर दिया।
अफगानिस्तान ने पावरप्ले में गंवा दिए थे 3 विकेट
अफगानिस्तान ने पावरप्ले में 3 विकेट गंवा दिए थे। उसकी स्थिति खराब हो गई थी, लेकिन इससे इब्राहिम जादरान को अपना खेल खेलने से कोई नहीं रोक पाया। उन्होंने शाहिदी, उमरजई और नबी के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं और टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाया। अफगानिस्तान के ओपनर की यह एक नपी-तुली पारी थी। उन्हें पता था कि कब आक्रमण करना है और कब पीछे हटना है।
उदाहरण के लिए कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ साझेदारी में वह आक्रामक थे, जबकि बाद में अजमतुल्लाह उमरजई को आक्रमण करने दिया। यह पारी इब्राहिम जादरान की फिटनेस का भी परीक्षण था, लेकिन वह चुनौती के लिए तैयार थे। वह आखिरी ओवर में आउट हो गए, लेकिन तब तक उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। नीचे उनके ऐसे ही कुछ रिकॉर्ड दिए गए हैं, जो अफगानिस्तान बनाम इंग्लैंड मैच के दौरान बने।
चैंपियंस ट्रॉफी में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
- 177 रन: इब्राहिम जादरान (अफगानिस्तान) बनाम इंग्लैंड, लाहौर 2025
- 165 रन: बेन डकेट (इंग्लैंड) बनाम ऑस्ट्रेलिया, लाहौर 2025
- नाबाद 145 रन: नाथन एस्टल (न्यूजीलैंड) बनाम यूएसए, द ओवल 2004
- 145 रन: एंडी फ्लावर (जिम्बाब्वे) बनाम भारत, कोलंबो 2002
- 141 रन: सौरव गांगुली (भारत) बनाम दक्षिण अफ्रीका, नैरोबी 2000
- 141 रन: सचिन तेंदुलकर (भारत) बनाम ऑस्ट्रेलिया, ढाका 1998
- 141 रन: ग्रीम स्मिथ (साउथ अफ्रीका) बनाम इंग्लैंड, सेंचुरियन 2009
अफगानिस्तान के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत वनडे स्कोर
- नाबाद 167 रन: इब्राहिम जादरान बनाम इंग्लैंड, लाहौर 2025
- 162 रन: इब्राहिम जादरान बनाम श्रीलंका, पल्लीकेले 2022
- 151 रन: रहमानुल्लाह गुरबाज बनाम पाकिस्तान, हम्बनटोटा 2023
- नाबाद 149 रन: अजमतुल्लाह उमरजई बनाम श्रीलंका पल्लीकेले 2024
- 145 रन: रहमानुल्लाह गुरबाज बनाम बांग्लादेश, चटगांव 2023
पाकिस्तान में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत वनडे स्कोर
- नाबाद 188 रन: गैरी कर्स्टन (साउथ अफ्रीका) बनाम यूएई, रावलपिंडी 1996
- 181 रन: विवियन रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज) बनाम श्रीलंका, कराची 1987
- नाबाद 180 रन: फखर जमान (पाकिस्तान) बनाम न्यूजीलैंड, रावलपिंडी 2023
- 177 रन: इब्राहिम जादरान (अफगानिस्तान) बनाम इंग्लैंड, लाहौर 2025
- 165 रन: बेन डकेट (इंग्लैंड) बनाम ऑस्ट्रेलिया, लाहौर 2025
- 161 रन: एंड्रयू हडसन (साउथ अफ्रीका) बनाम नीदरलैंड्स, रावलपिंडी 1996
इंग्लैंड ने अंतिम 10 ओवर में लुटाए 113 रन
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में अफगानिस्तान बनाम इंग्लैंड मैच की बात करें तो जोस बटलर की टीम को चैंपियंस ट्रॉफी में अपना अभियान जारी रखने और अफगानिस्तान को बाहर करने के लिए 326 रन की जरूरत है। इंग्लैंड ने गेंद से बहुत अच्छी शुरुआत की थी। जोफ्रा आर्चर के कारण एक समय अफगानिस्तान का स्कोर 3 विकेट पर 37 रन था, लेकिन इब्राहिम जादरान और हशमतुल्लाह शाहिदी के बीच 103 रन की साझेदारी ने अफगानिस्तान की खेल में वापसी कराई। इब्राहिम जादरान को अजमतुल्लाह उमरजई और मोहम्मद नबी के कैमियो का समर्थन मिला। इंग्लैंड ने मैदान में खराब प्रदर्शन किया। मार्क वुड चोट से जूझ रहे थे। उनका अटैक पूरी तरह से बेकार दिख रहा था। इंग्लैंड ने अंतिम 10 ओवर में 113 रन लुटाए।