Can Pakistan still qualify for semi final 2023: पाकिस्तान ने 31 अक्टूबर को कोलकाता में बांग्लादेश के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करके वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा। इस जीत के साथ पाकिस्तान के छह अंक हो गए। सेमीफाइनल की रेस की बात करें तो पाकिस्तान को दोनों मैच जीतना जरूरी है। हालांकि, केवल जीत से बात नहीं बनेगी। बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले पाकिस्तान के अंतिम चार में पहुंचने की संभावनाओं को आसान भाषा में समझते हैं।
पाकिस्तान को न्यूजीलैंड ने हराया तो क्या होगा?
न्यूजीलैंड के खिलाफ हार से पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। न्यूजीलैंड के अलावा अफगानिस्तान या ऑस्ट्रेलिया में से किसी एक का दस अंक होना तय है।
न्यूजीलैंड से हार के बाद पाकिस्तान के सात मैचों में छह अंक रह जाएंगे। यदि वह अपने अंतिम मुकाबले में इंग्लैंड को हरा देता है तो भी 8 अंक ही होंगे।
पाकिस्तान न्यूजीलैंड और इंग्लैंड को हरा दे, न्यूजीलैंड को श्रीलंका हरा दे तो क्या होगा
बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत से पाकिस्तान की टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद पाकिस्तान को श्रीलंका से मदद की उम्मीद होगी जो 9 नवंबर को अपने अंतिम ग्रुप मैच न्यूजीलैंड से खेलेगा।
यदि श्रीलंका मैच जीतने में सफल हो जाता है और पाकिस्तान अपने अंतिम मैच में इंग्लैंड को हरा देता है, तो उसके न्यूजीलैंड से दो अंक ज्यादा 10 अंक होंगे। इसके बाद पाकिस्तान को अन्य मैचों में अनुकूल परिणामों की आवश्यकता होगी।
टीम तब उम्मीद कर रही होगी कि ऑस्ट्रेलिया या साउथ अफ्रीका में से कोई एक अफगानिस्तान को हराकर उसे 10-पॉइंट से आगे जाने से रोके। इसके बाद नेट-रन रेट खेल में आ जाएगा। यदि अफगानिस्तान अपने दोनों मैच जीतता है और ऑस्ट्रेलिया अपने शेष तीन में से दो मैच जीतता है, तो पाकिस्तान बाहर हो जाएगा।
पाकिस्तान न्यूजीलैंड और इंग्लैंड को हरा दे, श्रीलंका को न्यूजीलैंड हरा दे तो क्या होगा?
अगर पाकिस्तान दोनों बचे मैच जीतता है। यानी न्यूजीलैंड और इंग्लैंड को हराता है तो उसके 10 अंक होंगे। श्रीलंका को न्यूजीलैंड अपने आखिरी लीग मैच में हरा देता है तो रन रेट पर मामला आ जाएगा।
इसके अलावा दस अंकों के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए अफगानिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान बनाम साउथ अफ्रीका मैच पर निगाहें होंगी। अफगानिस्तान की एक भी जीत परेशानी बढ़ा देगी।