गंभीर ‘डीप वेन थ्रोम्बोसिस’ (डीवीटी) का उपचार करा रहे भाजपा नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। सिटी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने इस बात की जानकारी दी।

इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल के अधिकारियों की ओर से आज जारी एक बयान में कहा गया, ‘चार विशेषज्ञों की टीम उनका उपचार कर रही है और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।’ इसके अनुसार, अभी किसी भी तरह की सर्जरी या संबद्ध उपचार की योजना नहीं है। सिद्धू की हालत अभी पूरी तरह से स्थिर है।

सिद्धू को गंभीर डीप वेन थ्रोम्बोसिस के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था और अगर समय पर उनका इलाज नहीं होता तो उनकी जान भी जा सकती थी।

डीवीटी नसों में खून में थक्का जम जाने के कारण होता है, जिससे खून के सामान्य बहाव में रूकावट आती है। सूजन और प्राय: पैरों में दर्द इसके लक्षणों में शामिल हैं। सिद्धू पंजाब के अमृतसर संसदीय क्षेत्र से दो बार सांसद रहे हैं।