बिग बैश लीग (BBL) 2021 के 28वें मुकाबले में सिडनी ठंडर ने एडिलेड स्ट्राइकर्स को 22 रनों से मात दी। सिडनी के लिए इस जीते के हीरो रहे भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी जैसन संघा। उन्होंने 55 गेंदों पर नाबाद 91 रनों की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 6 छक्के लगाए। शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।

आपको बता दें कि 22 वर्षीय जैसन जसकीरत सिंह संघा ऑस्ट्रेलिया के उभरते हुए क्रिकेटर हैं। वे ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान भी हैं। उनके नाम दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी के तौर पर फर्स्ट क्लास सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज हैं। इस मामले में सबसे ऊपर हैं भारतीय दिग्गज और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर।

सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है रिकॉर्ड

संघा ने 2017-18 में एशेज सीरीज से पहले अभ्यास मैच में शतक लगाया था। उन्होंने 18 वर्ष की उम्र में ये उपलब्धि हासिल की। ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर जेसन संघा सचिन तेंदुलकर के बाद इंग्लैंड के खिलाफ सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

11 दिसंबर 1988 को सचिन तेंदुलकर ने अपने फर्स्ट क्लास करियर की पहली सेंचुरी लगाई थी। सचिन ने ये रिकॉर्ड 15 साल और 231 दिन की उम्र में अपने नाम किया था। रणजी ट्रॉफी का ये मैच मुंबई और गुजरात के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा था। उस वक्त मुंबई की कमान लालचंद राजपूत के हाथ में थी और ये सचिन का पहला फर्स्ट क्लास मैच था।

BBL 2021-22 के पॉइंट्स टेबल का क्या है हाल?

आपको बता दें सिडनी ठंडर की 7 मैचों में ये चौथी जीत थी। वे 16 पॉइंट्स के साथ 8 टीमों के इस टूर्नामेंट की अंक तालिका में चौथे स्थान पर हैं। वहीं एडिलेड स्ट्राइकर्स की 7 मैचों में ये छठी हार थी। ये टीम 8 पॉइंट्स के साथ 7वें स्थान पर है। वहीं मेलबर्न रेनेगेड्स के 5 पॉइंट्स हैं और वे आखिरी यानी 8वें स्थान पर हैं।

सिडनी सिक्सर्स 7 में से 6 मुकाबले जीतकर 21 पॉइंट्स के साथ टॉप पर काबिज है। पर्थ स्कॉर्चर्स ने भी 6 मुकाबले जीते हैं और एक गंवाया है। उनके भी 21 पॉइंट्स हैं लेकिन नेट रनरेट के कारण वे दूसरे स्थान पर हैं। होबार्ट हरीकेन्स (17) तीसरे, ब्रिसबेन हीट (10) पांचवें और मेलबर्न स्टार्स (10) छठे स्थान पर है।