इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के बुधवार 13 सितंबर 2023 को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में शतक जड़ा। उन्होंने इस पारी से वनडे क्रिकेट से संन्यास से वापसी और इंग्लैंड की वर्ल्ड कप टीम में चयन के फैसले को जायज ठहराया। स्टोक्स ने वनडे क्रिकेट में चौथा शतक जड़ा और 6 साल का सूखा खत्म किया।

न्यूजीलैंड के खिलाफ जब बेन स्टोक्स बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए तब इंग्लैंड की हालत खराब थी। जोस बटलर की अगुआई वाली टीम ने 2.4 ओवर में 13 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। जॉनी बेयरस्टो गोल्डन डक और जो रूट 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। दोनों को ट्रेंट बोल्ट ने पवेलियन भेजा। बेयरस्टो पारी की पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए।

बेन स्टोक्स ने डेविड मलान के साथ 199 रन की साझेदारी की

इसके बाद बेन स्टोक्स ने डेविड मलान के साथ 199 रन की साझेदारी की। मलान शतक से चूक गए और 95 गेंद पर 96 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ट्रेंट बोल्ट ने उनका विकेट झटका। स्टोक्स ने वनडे क्रिकेट में अपनी चौथी सेंचुरी 76 गेंद पर पूरी की। उन्होंने 30वें ओवर की पहली गेंद पर सिंगल लेकर शतक पूरा किया। ग्लेन फिलिप्स गेंदबाज थे।

बेन स्टोक्स ने शतक जड़कर 6 साल का सूखा खत्म किया

बेन स्टोक्स ने शतक जड़कर 6 साल का सूखा खत्म किया। इससे पहले उन्होंने वनडे क्रिकेट में साल 2017 में शतक जड़ा था। स्टोक्स ने वनडे क्रिकेट में पहली सेंचुरी साल 2016 में जड़ा था। इसके बाद साल 2017 में उन्होंने 2 सेंचुरी लगाए। इसके बाद साल 2018 से 2023 के बीच 41 पारियों में उन्होंने शतक नहीं जड़ा। इन 41 पारियों में उन्होंने 13 अर्धशतक जड़े। स्टोक्स ने ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़ा है।

वनडे में इंग्लैंड के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड

बेन स्टोक्स ने 124 गेंद पर 9 छक्के और 15 चौके की मदद से 182 रन की पारी खेली। उन्होंने इस पारी के दौरान वनडे में इंग्लैंड के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड जेसन रॉय के नाम था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में 2018 में 151 गेंद पर 180 रन की पारी खेली थी। वहीं एलेक्स हेल्स ने नॉटिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ 122 गेंद 171 रन की पारी खेली थी।