भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को अक्टूबर 2020 से सितंबर 2021 की अवधि के लिए सलाना अनुबंध की घोषणा कर दी है। सीनियर मेन्स खिलाड़ियों के इस कॉन्ट्रेक्ट में तीन खिलाड़ियों को A+ कैटेगरी में रखा गया है। इनमें कप्तान विराट कोहली के अलावा रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह है। बोर्ड ने 10 खिलाड़ियों को A, 5 खिलाड़ियों को B और 10 खिलाड़ियों को C ग्रेड में रखा है।
बीसीसीआई A+ कैटेगरी में खिलाड़ियों को 7-7 करोड़ रुपए देती है। वहीं, A ग्रेड वाले खिलाड़ियों को 5-5 करोड़, B ग्रेड वालों को 3-3करोड़ और ग्रेड C में शामिल खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपए मिलते हैं। पिछले साल ए ग्रेड में रहने वाले भुवनेश्वर कुमार और कुलदीप यादव को नुकसान हुआ है। भुवनेश्वर को बी ग्रेड और कुलदीप को सी ग्रेड में रखा गया है। हार्दिक पंड्या को फायदा हुआ है। उन्हें बी ग्रेड से इस बार ए ग्रेड में शामिल किया गया। पिछले साल ए ग्रेड में 11 खिलाड़ी थे और इस साल 10 प्लेयर हैं।
पिछले साल बी ग्रेड में 5 खिलाड़ी थे। ऋद्धिमान साहा, उमेश यादव, युजवेंद्र चहल, हार्दिक पंड्या और मयंक अग्रवाल। इस बार भी बी ग्रेड में 5 खिलाड़ी ही हैं। हार्दिक ए में चले गए। साहा, उमेश और मयंक बी ग्रेड में बने हुए हैं। वहीं, भुवनेश्वर के साथ शार्दुल ठाकुर की एंट्री हुई है। शार्दुल पिछले साल सी ग्रेड में थे। चहल को नुकसान उठाना पड़ा है। उनका नाम इस बार सी ग्रेड में रखा गया है।
पिछले साल सी यानि सबसे नीचले ग्रेड में 8 खिलाड़ी थे। इस बार 10 खिलाड़ी हैं। 2019-2020 में केदार जाधव, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, मनीष पांडे, हनुमा विहारी, शार्दुल ठाकुर, श्रेयस अय्यर और वॉशिंगटन सुंदर थे। 2020-2021 की नई लिस्ट में कुलदीप, नवदीप सैनी, शुभमन गिल, हनुमा विहारी, अक्षर पटेल, श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर, चहल और मोहम्मद सिराज हैं। बीसीसीआई ने इस बार मनीष पांडे और केदार जाधव को अनुबंधित नहीं किया। गिल, अक्षर और सिराज अनुबंध पाने वाले नए खिलाड़ी हैं।