Bangladesh vs Sri Lanka Asia Cup : एशिया कप 2023 का दूसरा मैच कैंडी के पल्लीकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेला गया। इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। हालांकि, उसका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ। बांग्लादेश की पूरी टीम 42.4 ओवर में महज 164 रन पर पवेलियन लौट गई। श्रीलंका की ओर से मथीसा पथिराना ने 7.4 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट झटके। महेश तीक्षणा ने 8 ओवर में सिर्फ 19 रन दिए और 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। धनंजय डिसिल्वा, दुनिथ वेलालेज और दासुन शनाका ने 1-1 विकेट लिए।

इस मैच में श्रीलंका को जीत के लिए 165 रन का टारगेट मिला था जिसे इस टीम ने 5 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। श्रीलंका की तरफ से समरविक्रमा ने 54 रन की पारी खेली जबकि चरिथ असलंका ने नाबाद 62 रन की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिला दी। कप्तान दसुन शनाका भी 14 रन बनाकर इस मैच में नाबाद रहे। श्रीलंका की टीम ने इस मैच में 39 ओवर में 5 विकेट पर 165 रन बनाए।

बांग्लादेश की ओर से सिर्फ नजमुल हुसैन शांतो ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए। वह 122 गेंद की पारी में 7 चौके की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। शांतो के अलावा मोहम्मद नईम (16), तौहीद हृदोय (20) और मुस्फिकुर रहीम (13) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। डेब्यू मैन तंजीद हसन, तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान खाता भी नहीं खोल पाए।

Match Ended

Asia Cup, 2023

Bangladesh 
164 (42.4)

vs

Sri Lanka  
165/5 (39.0)

Match Ended ( Day – Match 2 )
Sri Lanka beat Bangladesh by 5 wickets

Live Updates

Bangladesh vs sri lanka Asia Cup 2023

21:54 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: श्रीलंका ने की जीत से शुरुआत

एशिया कप 2023 के अपने पहले लीग मुकाबले में श्रीलंका की टीम ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हरा दिया और अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। इस जीत के साथ श्रीलंका की टीम ने अहम 2 अंक भी अर्जित किए। श्रीलंका की इस जीत में समरविक्रमा और चरिथ असलंका की अर्धशतकीय पारी का बड़ा योगदान रहा। चरिथ असलंका 92 गेंदों पर 62 रन बनाकर नाबाद रहे।

21:44 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: चरिथ असलंका का अर्धशतक

चरिथ असलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ 85 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। श्रीलंका की टीम ने 37 ओवर में 5 विकेट पर 150 रन बना लिए हैं और उसे जीत के लिए अब सिर्फ 14 रन की जरूरत है जबकि 78 गेंद शेष बचे हैं।

21:27 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: श्रीलंका का पांचवां विकेट गिरा

श्रीलंका की टीम ने अपना पांचवां विकेट गंवा दिया है और बांग्लादेश को यह सफलता कप्तान शाकिब अल हसन ने दिलाई। शाकिब ने धनंजय डिसिल्वा को 2 रन पर बोल्ड कर दिया। इस टीम ने 32 ओवर में 5 विकेट पर 132 रन बना लिए हैं और जीत के लिए अब 33 रन और बनाने हैं।

21:17 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: श्रीलंका का चौथा विकेट गिरा

श्रीलंका की टीम का चौथा विकेट समरविक्रमा के रूप में गिरा जिन्होंने 77 गेंदों पर 54 रन की अच्छी पारी खेली और टीम को जीत की राह तक लेकर आए। उन्हें मेंहदी हसन ने मुश्फिकुर रहीम के हाथों स्टंप आउट करवा दिया। श्रीलंका की टीम ने 29.3 ओवर में 4 विकेट 121 रन बना लिए हैं।

21:00 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: श्रीलंका को जीत के लिए 51 रन की जरूरत

श्रीलंका की टीम ने 24 ओवर में 3 विकेट पर 114 रन बना लिए हैं और अब इस टीम को एशिया कप में पहली जीत दर्ज करने के लिए 51 रन की जरूरत है। क्रीज पर समरविक्रमा मौजूद हैं जो बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं और उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने इस मैच में 59 गेंदों पर 50 रन पूरे किए।

20:38 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: श्रीलंका को जीत के लिए 77 रन की जरूरत

श्रीलंका की टीम को जीत के लिए 77 रन की जरूरत है। इस टीम ने 19 ओवर में 3 विकेट पर 88 रन बना लिए हैं और इस समय समरविक्रमा और असलंका बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 62 गेंदों पर 45 रन की साझेदारी हो चुकी है। श्रीलंका का यह पहला लीग मुकाबला है जबकि बांग्लादेश भी एशिया कप 2023 का अपना पहला लीग मैच खेल रही है।

20:22 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: 15 ओवर का खेल समाप्त

श्रीलंका की पारी के पहले 15 ओवर का खेल खत्म हो चुका है और इस टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 61 रन बना लिए हैं। इस टीम को जीत के लिए अब 104 रन की जरूरत है। क्रीज पर इस समय समरविक्रमा 26 रन पर नाबाद हैं जबकि असलंका 9 रन बनाकर खेल रहे हैं। बांग्लादेश को विकेट की तलाश है।

19:58 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: श्रीलंका का तीसरा विकेट गिरा

श्रीलंका की टीम ने अपना तीसरा विकेट गंवा दिया है। इस टीम का तीसरा विकेट कुशल मेंडिस के रूप में गिरा जो बेहद धीमी गति से बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 21 गेंदों का सामना करते हुए 5 रन बनाए और शाकिब अल हसन की गेंद पर बोल्ड आउट हो गए। श्रीलंका की टीम ने 10 ओवर में 3 विकेट पर 44 रन बना लिए हैं और इस टीम को जीत के लिए अब 121 रन और बनाने हैं।

19:38 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: 6 ओवर में श्रीलंका ने बनाए 31 रन

बांग्लादेश की टीम ने 6 ओवर का खेल खत्म होने के बाद 2 विकेट के नुकसान पर 31 रन बना लिए हैं। इस वक्त क्रीज पर कुसल मेंडिस और समरविक्रमा मौजूद हैं। मेंडिस ने अपना खाता नहीं खोला है जबकि समरविक्रमा 13 रन बनाकर खेल रहे हैं। श्रीलंका को जीत के लिए 134 रन की जरूरत है।

19:25 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: श्रीलंका ने गंवाया दूसरा विकेट

श्रीलंका की टीम का दूसरा विकेट गिर चुका है और इस टीम का दूसरा विकेट निशंका के रूप में गिया। निशंका ने 13 गेंदों का सामना करते हुए 14 रन बनाए और उन्हें शरीफुल इस्लाम ने कैच आउट करवा दिया। श्रीलंका ने 4 ओवर में 2 विकेट पर 16 रन बना लिए हैं और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए सदीरा समरविक्रमा आए हैं।

19:16 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: श्रीलंका का पहला विकेट गिरा

श्रीलंका की टीम का पहला विकेट ओपनर करुणारत्ने के रूप में गिरा। उन्होंने 3 गेंदों का सामना करते हुए एक रन बनाया और तास्कीन अहमद की गेंद पर बोल्ड आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कुसल मेंडिस आए हैं। श्रीलंका की टीम ने 3 ओवर का खेल खत्म होने के बाद एक विकेट के नुकसान पर 13 रन बना लिए हैं।

19:13 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: श्रीलंका की बल्लेबाजी शुरू

बांग्लादेश के खिलाफ जीत के लिए श्रीलंका को 165 रन का टारगेट मिला है और इस टीम की बल्लेबाजी जारी हो गई है। श्रीलंका की तरफ से पारी की शुरुआत पथुम निशंका और दिमुथ करुणारत्ने ने की है। 2 ओवर में इस टीम ने बिना किसी नुकसान के 13 रन बना लिए हैं।

18:38 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: बांग्लादेश की पारी 42.4 ओवर में 164 रन पर सिमटी

मथीसा पथिराना 43वां ओवर लेकर आए। उन्होंने अपनी दूसरी गेंद पर तस्कीन अहमद को महेश तीक्षणा के हाथों कैच कराया। तस्कीन अहमद खाता भी नहीं खोल पाए। उनकी जगह मुस्तफिजुर रहमान बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन वह भी चौथी गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। मुस्तफिजुर भी खाता नहीं खोल पाए। इस तरह बांग्लादेश की पारी 42.4 ओवर में महज 164 रन पर सिमट गई।

18:26 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: नजमुल हुसैन शांतो शतक से चूके

महेश तीक्षणा ने श्रीलंका को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने 42वें ओवर की दूसरी गेंद पर नजमुल हुसैन शांतो को बोल्ड कर दिया। शांतो काफी देर से क्रीज पर टिके थे। वह शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 89 रन के स्कोर पर तीक्षणा ने उन्हें पवेलियन की राह दिखा दी। महेश तीक्षणा की यह गेंद स्टंप्स के आसपास से फुल लेंथ बॉल थी। शांतो ड्राइव करने के लिए आगे बढ़े, लेकिन गेंद बल्ले और शरीर के बीच से निकल जाती है और स्टंप्स की गिल्लियां बिखेर देती है। नजमुल हुसैन शांतो ने अपनी 122 गेंद की पारी में 7 चौके लगाए। शांतो की जगह शोरफुल इस्लाम बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

18:22 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: बांग्लादेश को 41वे ओवर में लगा 7वां झटका

बांग्लादेश को 7वां झटका 41वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा। दुनिथ वेलालेज ने महेदी हसन को गेंद फेंकी। वेलालेज की यह फुल लेंथ बॉल थी। महेदी खेलने के लिए आगे आए, लेकिन गेंद बल्ले से नहीं टकराकर पैड से टकराई। एलबीडब्ल्यू की अपील हुई और अंपायर ने आउट दे दिया! महेदी ने रिव्यू लिया, लेकिन वह बेकार हो गया। महेदी की जगह तस्कीन अहमद बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

18:19 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: मेहदी हसन मिराज हुए रन आउट

बांग्लादेश की हालत खराब है। उसने 26 गेंद के भीतर में दो विकेट गंवाए। बांग्लादेश को छठा झटका 37वें ओवर की तीसरी गेंद पर लगा। मेहदी हसन मिराज को धनंजय डिसिल्वा और कसुन रजिता ने रन आउट कर दिया। वह 11 गेंद में 5 रन ही बना पाए। उनकी जगह बल्लेबाजी के लिए महेदी हसन आए।

17:39 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: बांग्लादेश को लगा 5वां झटका

मधीशा पथिराना ने बांग्लादेश के सबसे अनुभवी क्रिकेटर को पवेलियन की राह दिखाई। पथिराना ने 33वें ओवर की चौथी गेंद पर मुस्फिकुर रहीम को दिमुथ करुणारत्ने के हाथों कैच कराया। मुस्फिकुर रहीम 22 गेंद में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मुस्फिकुर रहीम की जगह मेहदी हसन मिराज बल्लेबाजी के लिए आए हैं। बांग्लादेश का स्कोर 33 ओवर में 5 विकेट पर 127 रन है। नजमुल हुसैन शांतो के 98 गेंद में 67 रन हैं।

16:56 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE:बांग्लादेश के 100 रन के भीतर 4 विकेट गिरे

बांग्लादेश ने अभी 100 रन का आंकड़ा पार नहीं किया है, लेकिन उसके 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। बांग्लादेश को चौथा झटका 24वें ओवर की आखिरी गेंद पर लगा। श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने तौहीद हृदोय को एलबीडब्ल्यू किया। दासुन शनाका यह दूसरा ओवर था। वह अब तक 11 रन देकर एक विकेट ले चुके हैं। तौहीद हृदोय 41 गेंद में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तौहीद हृदोय की जगह दाएं हाथ के बल्लेबाज मुस्फिकुर रहीम बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

16:34 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: बांग्लादेश ने 19 ओवर में बनाए 70 रन, गंवाए 3 विकेट

बांग्लादेश की पारी के 19 ओवर हो चुके हैं। बांग्लादेश का स्कोर 3 विकेट पर 70 रन है। नजमुल हुसैन शांतो के 54 गेंद में 37 और तौहीद हृदोय के 24 गेंद में 10 रन हैं। दोनों के बीच 50 गेंद में 34 रन की साझेदारी हो चुकी है।

16:02 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: बांग्लादेश को लगा तीसरा झटका

बांग्लादेश को 11वें ओवर की चौथी गेंद पर तीसरा झटका लगा। महेश पथिराना ने बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन को पवेलियन की राह दिखाई। पथिराना को यह पहला ही ओवर था। पथिराना ने पहले ही ओवर में बड़ी मछली फंसा ली! पथिराना की यह गेंद तिरछी शॉर्ट बॉल थी। वह कट के लिए गए, लेकिन खेलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इससे पहले कि वह शॉट लगा पाते, गेंद उनके दस्तानों को छूकर पीछे की ओर गई, जहां विकेटकीपर कुसल मेंडिस ने अपनी बाईं ओर गोता लगाया और बाएं हाथ से एक अच्छा कैच लपका। रीप्ले से पता चला कि कुसल मेंडिस की उंगलियां गेंद के नीचे थीं। शाकिब की जगह तौहीद हृदोय बल्लेबाजी के लिए आए हैं। शाकिब महज 5 रन का ही योगदान दे पाए।

15:44 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: बांग्लादेश को लगा दूसरा झटका

बांग्लादेश को 8वें ओवर की चौथी गेंद पर दूसरा झटका लगा। धनंजय डिसिल्वा की यह गेंद अंदर की ओर आती ऊपर फेंकी गई थी। नईम ने अपने पैरों का इस्तेमाल किया और बाउंड्री के बाहर भेजने की कोशिश की, लेकिन गेंद की पिच तक नहीं पहुंच पाए। गेंद बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर पॉइंट की ओर गई और वहां निसांका ने उसे लपकने में कोई गलती नहीं की। निसांका ने ठीक बगल में भी फील्डर था लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखा।

15:31 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: बांग्लादेश के 5 ओवर में एक विकेट पर 12 रन

पांच ओवर का मैच हो चुका है। बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 12 रन है। नजमुल हुसैन शांतो (Najmul Hossain Shanto) के 15 गेंद में 3 रन हैं। मोहम्मद नईम (Mohammad Naim) के 13 गेंद में 9 रन हैं।

15:16 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: महेश तीक्षणा का ओवर मेडन रहा

तंजीद हसन की जगह बल्लेबाजी के लिए तजमुल हुसैन शांतो आए। तजमुल हुसैन शांतो महेश तीक्षणा की अगली 4 गेंद में अपना खाता नहीं खोल पाए। इस तरह महेश तीक्षणा का ओवर मेडन रहा। दो ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 4 रन है। ये 4 रन मोहम्मद नईम के बल्ले से निकले हैं।

15:12 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: महेश तीक्षणा ने श्रीलंका को दिलाई पहली सफलता

दासुन शनाका दूसरे ओवर में ही स्पिनर लेकर आए। उन्होंने महेश तीक्षणा को गेंद सौंपी। शनाका की तरकीब काम कर गई। तीक्षणा की पहली गेंद पर तंजीद हसन बीट हुए और अगली ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। इस तरह तंजीद हसन के अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। तंजीद ने DRS लेने की भी नहीं सोची।

15:08 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: मोहम्मद नईम ने चौथी गेंद पर चौके से खोला खाता

बांग्लादेश के लिए मोहम्मद नईम और तंजीद हसन ने पारी की शुरुआत की। श्रीलंका के लिए कसुन रजिता पहला ओवर लेकर आए। कसुन की पहली तीन गेंद में नईम खाता नहीं खोल पाए। चौथी गेंद ऑफ साइड में बाहर की ओर डाली गई थी। नईम थोड़ा सा झुके और जोरदार ड्राइव लगाई। गेंद सीधा बाउंड्री के पार जाकर रुकी। इस तरह नईम ने बांग्लादेश और अपना खाता खोला। पहले ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना विकेट खोए 4 रन है।

14:42 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: ये है श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन

श्रीलंका: पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चरित असलांका, धनंजय डिसिल्वा, दासुन शनाका (कप्तान), डुनिथ वेलालेज, महेश तीकषाना, कसुन रजिता, मथीशा पथिराना।

14:41 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: ये है बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन

बांग्लादेश: मोहम्मद नईम, तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शांतो, तौहीद हृदोय, शाकिब अल हसन (कप्तान), मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, महेदी हसन, तस्कीन अहमद, शोरफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान।

14:39 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE: श्रीलंकाई टीम में 6 बल्लेबाज, 2 ऑलराउंडर और 3 गेंदबाज

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के कप्तान दासुन शनाका ने कहा, हम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करते, लेकिन बारिश के कारण टॉस हारना अच्छा है। सामान्य तौर पर, मुझे यहां कुछ टर्न की उम्मीद है क्योंकि विकेट में थोड़ा सा चटका हुआ है। हमारी टीम मैच को लेकर बहुत ज्यादा उत्साहित है। हमारे पास 6 बल्लेबाज, 2 ऑलराउंडर और 3 गेंदबाज हैं। मधीशा पथिराना और डुनिथ वेलालेज प्लेइंग इलेवन में हैं।

14:37 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL LIVE:बांग्लादेश टीम में हैं 3-3 तेज गेंदबाज और स्पिनर्स

टॉस जीतने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान शाकिब अल हसन ने कहा, मुझे यह सूखा विकेट लग रहा है। उम्मीद है कि हम बड़ा स्कोर खड़ा कर पाएंगे। हम जानते हैं कि श्रीलंका एक बहुत अच्छी टीम है। हमें बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। हमारी टीम में तीन सीमर और तीन स्पिनर हैं।

14:32 (IST) 31 Aug 2023
BAN vs SL, Asia Cup 2023 LIVE:श्रीलंका की चुनौती

बांग्लादेश को चुनौती देने के लिए उन्हें उम्मीद करनी होगी कि पथुम निसांका (2023 में 687 रन), दिमुथ करुणारत्ने (481 रन) और चरित असालंका (341 रन) अच्छा प्रदर्शन करें जो अब तक इस साल उसके सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहे हैं। साथ ही टीम उम्मीद करेगी कि कप्तान दासुन शनाका बांग्लादेश के खिलाफ अपनी फॉर्म हासिल कर ले जिन्होंने पूरे साल भारत के खिलाफ शतक जड़ने के अलावा आक्रामक बल्लेबाजी नहीं की है।

बांग्लादेश को चुनौती देने के लिए उन्हें उम्मीद करनी होगी कि पाथुम निसांका (2023 में 687 रन), दिमुथ करुणारत्ने (481 रन) और चरित असालंका (341 रन) अच्छा प्रदर्शन करें जो अब तक इस साल उसके सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहे हैं। साथ ही टीम उम्मीद करेगी कि कप्तान दासुन शनाका बांग्लादेश के खिलाफ अपनी फॉर्म हासिल कर ले जिन्होंने पूरे साल भारत के खिलाफ शतक जड़ने के अलावा आक्रामक बल्लेबाजी नहीं की है। गेंदबाजी की बात की जाये तो स्पिनर महीश तीक्ष्णा (2023 में 10 मैचों में 23 विकेट) और तेज गेंदबाज कासुन रजीता (14 विकेट) को अपने मुख्य गेंदबाजों की कमी पूरी करनी होगी। श्रीलंका की टीम इस बात से राहत ले सकती है कि बांग्लादेश की टीम भी इसी स्थिति में जूझ रही है। बांग्लादेश की टीम को चोटिल तमीम इकबाल, तेज गेंदबाज इबादत हुसैन और विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास की कमी खलेगी। लिटन दास वायरल बुखार से अब तक उबर नहीं पाए हैं। इससे बुधवार को वह पूरे एशिया कप से बाहर हो गए। विकेटकीपर बल्लेबाज अनामुल हक बिजॉय को दास की जगह शामिल किया गया है। बांग्लादेश की टीम आमतौर पर घरेलू मैदान पर मजबूत होती है लेकिन वह इस साल इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला गंवा बैठी।