पाकिस्तान ने तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 3 विकेट से हरा दिया। 2 अप्रैल (शुक्रवार) को सेंचुरियन में खेले गए मैच में आसान लक्ष्य को पाकिस्तान ने मुश्किल ने बना दिया। उसे आखिरी गेंद पर जीत मिली। मैच में कप्तान बाबर आजम ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 104 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने अपनी पारी के दौरान उन्होंने हाशिम अमला का रिकॉर्ड तोड़ दिया और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया।

बाबर सबसे कम पारियों में 13 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इसके लिए 76 पारियां खेलीं। अमला ने 83, कोहली ने 86, क्विंटन डीकॉक ने 86 और डेविड वॉर्नर ने 91 पारियां खेली थीं। पाकिस्तान ने मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका के ओपनर एडेन मार्कराम 19 और क्विंटन डीकॉक 20 रन बनाकर आउट हो गए। शाहीन अफरीदी ने दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इस मैच से अपनी कप्तानी करियर की शुरुआत करने वाले टेम्बा बवुमा एक रन ही बना सके। उन्हें मोहम्मद हसनैन ने आउट किया। हेनरिच क्लासेन 1 रन पर बनाकर फहीम अशरफ का शिकार बन गए।

दक्षिण अफ्रीकी टीम के 4 विकेट पर 55 रन पर ही गिर गए थे। इसके बाद वान डेर डुसेन और डेविड मिलर ने पांचवें विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी की थी। मिलर ने 56 गेंदों पर 50 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने पांच चौके लगाए। इसके बाद एंडिले फेहलुकवायो ने डुसेन के साथ मिलकर 54 रनों की साझेदारी की। फेहलुकवायो ने 35 गेंद पर चार चौकों की मदद से 29 रन बनाए। डुसेन 134 गेंद पर 123 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 10 चौके और दो छक्के लगाए। कगिसो रबाडा 10 गेंद पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 273 रन बनाए।

274 रनों के लक्ष्य को पाकिस्तान ने 50 ओवर में 7 विकेट पर हासिल कर लिया। उसके लिए बाबर आजम ने 103, इमाम उल हक ने 70, मोहम्मद रिजवान ने 40 और शादाब खान ने 33 रन बनाए। उसे आखिरी ओवर में जीत के लिए सिर्फ 3 रन बनाने थे और हाथ में चार विकेट थे। 50वें ओवर में शादाब आउट हो गए। फेहलुकवायो ने फहीम अशरफ को लगातार तीन गेंदों पर रन नहीं बनाने दिया। पांचवीं गेंद पर फहीम ने दो और आखिरी गेंद पर एक रन बनाकर मैच पाकिस्तान के नाम कर दिया।