Australian Open Mixed Doubles Results: भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने रविवार यानी 23 जनवरी 2022 को अपने अमेरिकी जोड़ीदार राजीव राम के साथ मिलकर मेलबर्न में सीधे सेटों में एलेन पेरेज और मात्वे मिडलकूप को हराया। इसके साथ ही सानिया और राम की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के मिश्रित युगल (मिक्स्ड डबल्स) के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

भारत और अमेरिका की गैरवरीय जोड़ी ने कोर्ट नंबर तीन पर दूसरे दौर के मुकाबले में एक घंटा 27 मिनट में ऑस्ट्रेलिया की पेरेज और नीदरलैंड के मिडलकूप की जोड़ी को 7-6 (8/6), 6-4 से हराया। क्वार्टर फाइनल में सानिया और राम की भिड़ंत सैम स्टोसुर और मैथ्यू एबडेन तथा जेमी फोरलिस और जेसन कुब्लर की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ियों के बीच होने वाले दूसरे दौर के मुकाबले की विजेता जोड़ी से होगी।

सानिया मिर्जा (Sania Mirza) और राजीव राम (Rajeev Ram) ने पहले दौर में सर्बिया की एलेक्सांद्रा क्रुनिच और निकोला केसिच की जोड़ी को हराया था। हालांकि, छह बार की ग्रैंडस्लैम विजेता सानिया मिर्जा को वुमन्स डबल्स के पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा था।

मौजूदा सत्र के बाद संन्यास की घोषणा करने वाली सानिया टूर्नामेंट में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी बची हैं। सत्र के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में शनिवार यानी 22 जनवरी 2022 को मिक्स्ड डबल्स में रोहन बोपन्ना और क्रोएशिया की दारिजा जुराक श्रेबर की जोड़ी पहले दौर में ही हार गई थी।

सानिया मिर्जा 6 ग्रैंड स्लैम और 47 अन्य खिताब अपने नाम करने के साथ देश की सबसे सफल महिला टेनिस खिलाड़ी हैं। सानिया मिर्जा साल 2005 में गृहनगर हैदराबाद में महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं थीं।

सानिया मिर्जा डबल्स में ग्रैंड स्लैम जीतने वाली पहली भारतीय महिला टेनिस खिलाड़ी हैं। वह सिंगल्स में 27 वरीयता पाने वाली पहली भारतीय महिला हैं। वह डबल्स में नंबर वन वरीयता हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी भी हैं।