ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस का गुरुवार यानी 24 सितंबर 2020 को मुंबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 59 वर्ष के थे। डीन जोंस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के होस्ट ब्रॉडकास्टर्स के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए भारत में थे। डीन जोंस ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान ऑस्ट्रेलिया के लिए 52 टेस्ट और 164 एकदिवसीय मैच खेले।

डीन जोंस के नाम पर टेस्ट क्रिकेट में कई बेहतरीन रिकॉर्ड दर्ज हैं। उन्होंने रेड-बॉल क्रिकेट में 46.55 के औसत से 3631 रन बनाए। इसमें 11 शतक और 14 अर्धशतकों शामिल हैं। डीन जोंस ने 1984 से 1992 के दौरान ऑस्ट्रेलिया के लिए क्रिकेट खेली। डीन जोंस भारतीय मीडिया का काफी लोकप्रिय चेहरा थे। NDTV पर उनका शो Prof Deano बेहद लोकप्रिय था। वह दुनिया की विभिन्न लीगों के लिए कमेंट्री कर चुके हैं। वे अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए जाने जाते थे।

डीन जोंस ने एक बार दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हाशिम अमला को आतंकवादी तक कह दिया था। इसके बाद वह काफी सुर्खियों में रहे थे। मेलबर्न में जन्में डीन जोंस कई टीमों के कोच भी रह चुके थे। डीन जोंस वनडे क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग के लिए जाने जाते थे। डीन जोंस अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के अंतरिम कोच रह चुके थे।

उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड के कोच पद की जिम्मेदारी भी संभाली थी। साल 2016 में उनके कोच रहते हुए इस्लामाबाद यूनाइटेड पीएसएल चैंपियन बनी थी। वह 2018 में फिर इसी टीम के कोच बने और इस्लामाबाद यूनाइटेड ने फिर से पीएसएल का खिताब अपने नाम किया। साल 2019 में वह मिकी आर्थर की जगह कराची किंग्स के हेड कोच बने थे।

डीन जोंस के निधन के बाद टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने ट्वीट करके अपनी श्रद्धांजलि उन्हें दी। टीम इंडिया के पू्र्व कोच अनिल कुंबले ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

डीन जोंस इस बार IPL के लिए मुंबई से कमेंट्री कर रहे थे। इस पैनल में ब्रेट ली, ब्रायन लारा, ग्रीम स्वान और स्कॉट स्टायरिस भी मुंबई से कमेंट्री कर रहे हैं। आज यानी 24 सितंबर 2020 को आईपीएल 2020 का छठा मैच रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच है। उससे पहले क्रिकेट फैंस को यह दुखभरी खबर मिली है। जिससे फैंस का मन काफी दुखी है।