T20 World Cup 2021 Australia Vs Sri Lanka: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के 22वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 7 विकेट से हरा दिया। टूर्नामेंट में यह उसकी लगातार दूसरी जीत है। इस जीत से उसके 2 मैच में 4 अंक हो गए। वह सुपर-12 के ग्रुप वन की अं तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। पहले नंबर पर इंग्लैंड है। इंग्लैंड के भी 2 मैच में 4 अंक हैं, लेकिन उसका नेट रनरेट (+3.614) ऑस्ट्रेलिया से बेहतर है। ऑस्ट्रेलिया का नेट रनरेट +0.727 है। इस जीत से ग्रुप वन से इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं बढ़ गईं हैं।
दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 154 रन बनाए। उसकी ओर से कुसल परेरा ने 25 गेंद में 35 रन, चरिथ असलंगा ने 27 गेंद में 35 रन और भानुका राजपक्षे ने नाबाद 26 गेंद में 33 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जम्पा ने 4 ओवर में 12 रन देकर 2 विकेट लिए। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए। मिशेल स्टार्क ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए। पैट कमिंस ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने 17 ओवर में 3 विकेट पर 155 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से डेविड वार्नर ने 10 चौके की मदद से 42 गेंद में 65 रन की पारी खेली। उन्होंने 31 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था।
उनके अलावा कप्तान एरोन फिंच ने 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 23 गेंद में 37 रन बनाए। स्टीव स्मिथ 26 गेंद में 28 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान सिर्फ एक चौका लगाया। मार्कस स्टोइनिस ने 2 चौके और एक छक्के की मदद से 7 गेंद में नाबाद 16 रन बनाए।
श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए। कप्तान दासुन शनाका ने एक ओवर फेंका और 6 रन देकर एक विकेट लिया। लाहिरू कुमारा सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने 3 ओवर में 48 रन लुटाए।
ICC World Twenty20, 2021
Australia
155/3 (17.0)
Sri Lanka
154/6 (20.0)
Match Ended ( Day – Super 12 – Match 22 )
Australia beat Sri Lanka by 7 wickets
अब तक टी20 विश्व कप नहीं जीत पाने वाले ऑस्ट्रेलिया को पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 119 रन के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए संघर्ष करना पड़ा था। उसका स्कोर एक समय 3 विकेट पर 38 रन था। वह आखिरी ओवर में ही जीत दर्ज कर पाया था। हालांकि, उसने श्रीलंका के खिलाफ 3 ओवर पहले ही मैच जीत लिया।
ये है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, एरोन फिंच (कप्तान), मिशेल मार्श, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड।
श्रीलंका: कुसल परेरा (विकेटकीपर), पेथम निसानका, चरित असलंका, अविष्का फर्नांडो, वानिंदु हसरंगा, भानुका राजपक्षे, दासुन शनाका (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, दुशमंथा चमीरा, लाहिरु कुमारा, महेश थेक्षाना।
पैट कमिस के दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर विकेटकीपर के पीछे चौका जड़कर कुशल परेरा ने श्रीलंका को 5.4 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। इससे पहले चरिथ असलंका ने मैक्सवेल के चौथे ओवर में एक छक्का और दो चौके सहित कुल 16 रन जड़ दिए। इस तरह श्रीलंकाई टीम ने 4 ओवर में 1 विकेट खोकर 41 रन बनाए। असलंका 30 (20)और परेरा 15 (12) रन बनाकर खेल रहे हैं।
इससे पहले टॉस जीतने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान एरोन फिंच ने कहा, यह वास्तव में अच्छा विकेट लगता है। दुबई में आमतौर पर उतनी गर्मी नहीं होती है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हमने पावरप्ले में कुछ नुकसान किया। इस टूर्नामेंट में, आपको किसी न किसी तरह से अंक हासिल करने होते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि यह अच्छा है या खराब। दक्षिण अफ्रीका की एक अच्छी टीम के खिलाफ पहले दो अंक हासिल करना अच्छा रहा। सभी फिट हैं। प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं है।
टॉस हारने के बाद श्रीलंकाई टीम के कप्तान दासुन शनाका ने कहा, हम भी पहले गेंदबाजी करते। हमें इसे स्वीकार करना होगा और अपने मानकों पर खरा उतरना होगा। हमारे सभी खिलाड़ी तैयार हैं। महेश थेक्षाना फिट हैं। बिनुरा फर्नांडो की जगह उनकी वापसी हुई है। टीम का नेतृत्व कर बहुत खुश हूं।