आईपीएल 2024 की नीलामी में अनसोल्ड रहे पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ इस सीजन एक नए रोल में नजर आने वाले हैं। दरअसल, स्टीव स्मिथ को आईपीएल के आगामी सीजन के लिए कॉमेंट्री पैनल में शामिल किया गया है। स्मिथ अंग्रेज कमेंट्री पैनल का हिस्सा होंगे। उनके साथ इस पैनल में हर्षा भोगले, निक नाइट, मैथ्यू हेडन, लक्ष्मण शिवरामकृष्ण, जैक कालिस, केविन पीटरसन, डैनी मॉरिसन, टॉम मूडी, एरोन फिंच, पॉल कॉलिंगवुड, सुनील गावस्कर, साइमन ढुल और डेनियल विटोरी का नाम शामिल है।
पहली बार करेंगे कमेंट्री
बता दें कि स्टीव स्मिथ ना सिर्फ आईपीएल में बल्कि किसी भी टूर्नामेंट में पहली बार कॉमेंट्री करते नजर आएंगे। इससे पहले उन्होंने होलोग्राम के जरिए स्टूडियो में टेलिकास्ट शो में हिस्सा लिया था। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि स्टीव स्मिथ पूरे सीजन के लिए कामेंट्री पैनल का हिस्सा होंगे। वर्तमान समय में बुरे फॉर्म से गुजर रहे स्टीव स्मिथ जून में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर अनिश्चतिताओं से भरे हुए हैं। स्मिथ का टी20 विश्व कप खेलना सस्पेंस के घेरे में है।
स्मिथ ने 2021 में खेला था आखिरी सीजन
स्टीव स्मिथ ने 2 साल से आईपीएल नहीं खेला। 2021 में वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए आखिरी बार खेले थे। दिल्ली ने स्मिथ को राजस्थान रॉयल्स से 2.20 करोड़ में खरीदा था, लेकिन उन्होंने उस साल 8 मैचों में 25.33 की औसत से सिर्फ 152 रन बनाए थे। इसके बाद दिल्ली ने स्मिथ को रिलीज कर दिया। 2024 के लिए हुई मिनी ऑक्शन में स्मिथ को कोई खरीदार नहीं मिला। स्मिथ ने आईपीएल के 103 मैचों में 34.51 की औसत से 2485 रन बनाए हैं। उन्होंने 1 शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं।