भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ऑस्ट्रेलिया में अपनी रफ्तार से तूफान मचाने की कोशिश कर रहे हैं। वह ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को अपनी गेंदबाजी के साथ-साथ अपने तेवर से भी निशाना बना रहे हैं। सिराज यूं तो तेज रफ्तार से गेंद डालते हैं लेकिन एडिलेड टेस्ट में उनकी गेंद की जो रफ्तार दिखाई गई उसने सभी को हैरान कर दिया।
मोहम्मद सिराद की गेंद की रफ्तार ने किया हैरान
25वें ओवर में मोहम्मद सिराज को गेंद थमाई गई थी। उन्होंने पूरा ओवर डाला। आखिरी गेंद के दौरान स्क्रीन पर जो दिखाया गया उसे देखकर सब हैरान रह गए। स्क्रीन पर दी गई जानकारी के मुताबिक सिराज ने ओवर की आखिरी गेंद 181 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से डाली। क्रिकेट में आज तक किसी ने इस रफ्तार से गेंद नहीं डाली।
शोएब अख्तर के नाम है वर्ल्ड रिकॉर्ड
क्रिकेट में सबसे तेज गेंद डालने का वर्ल्ड रिकॉर्ड पाकिस्तान के शोएब अख्तर के नाम हैं। उन्होंने 2003 के वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 161.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली थी। सिराज की जो स्पीड दिखाई गई वह इससे कहीं ज्यादा है। सिराज ने 181 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद नहीं डाली। यह स्पीड मीटर या फिर ब्रॉडकास्ट की तरफ से की गई गलती थी। इसी कारण किसी तरह के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बात नहीं की गई।