ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ ने मंगलवार (6 जनवरी) को इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के पांचवें टेस्ट के तीसरे दिन शतक जड़कर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। स्मिथ ने 166 गेंद पर अपना 37वां शतक पूरा किया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया। स्मिथ टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में छठे नंबर पर पहुंच गए।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में स्मिथ से आगे मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, जैक्स कैलिस, रिकी पोंटिंग, जो रूट और कुमार संगकारा हैं। संगकारा और स्मिथ के बीच सिर्फ 1 शतक का फासला है। श्रीलंका के पर्व कप्तान के 38 शतक हैं। स्मिथ एशेज में दूसरे सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। पहले नंबर पर डॉन ब्रेडमैन हैं।

टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक

51 – सचिन तेंदुलकर।
45 – जैक्स कैलिस।
41 – रिकी पोंटिंग।
41 – जो रूट।
38 – कुमार संगकारा।
37 – स्टीव स्मिथ।
36 – राहुल द्रविड़।

एशेज में सबसे ज्यादा शतक

19 – डॉन ब्रैडमैन।
13 – स्टीवन स्मिथ।
12 – जैक हॉब्स।
10 – स्टीव वॉ।
9 – वॉली हैमंड।
9 – डेविड गोवर।

सिडनी में पांचवां शतक

स्टीव स्मिथ का यह सिडनी में 20 पारियों में पांचवां शतक भी था। उन्होंने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी कर ली, जहां उन्होंने 22 पारियों में पांच शतक लगाए हैं। पैट कमिंस की जगह नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालते हुए स्मिथ ने कप्तान के रूप में अपना 18वां टेस्ट शतक बनाया। टेस्ट में सिर्फ ग्रीम स्मिथ (25), विराट कोहली (20) और पोंटिंग (19) ने ही उनसे ज्यादा शतक लगाए हैं। 68 से ज्यादा की औसत इस फॉर्मेट में कप्तान के तौर सर्वश्रेष्ठ औसत है।

ऑस्ट्रेलिया का दबदबा

ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ के अलावा ट्रेविस हेड की शतकीय पारी के दमपर 119 ओवर में 492 रन बना लिए हैं। 108 रनों की बढ़त हो गई है और इंग्लैंड पर शिकंजा कस लिया है। हेड ने सीरीज का तीसरा शतक जड़ते हुए सिर्फ 166 गेंद पर 163 रन बनाए।