एशियन गेम्स 2023 में मेंस क्रिकेट इवेंट बुधवार,27 सितंबर 2023 को शुरू हो गया। पहले ही मैच में नेपाल ने मंगोलिया के खिलाफ टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। नेपाल ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 314 रन का स्कोर बनाए। 19 सा के कुशल मल्ला ने शतक जड़कर इतिहास रचा। उन्होंने रोहित शर्मा और डेविड मिलर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मल्ला ने 34 गेंद पर शतक ठोक दिया। टी20 में यह सबसे तेज शतक है। वहीं दीपेंद्रर सिंह ऐरी ने 10 गेंद पर 52 रन ठोक दिए। उन्होंने युवराज सिंह के सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ा।
रोहित शर्मा और डेविड मिलर ने साल 2017 में 35 गेंद पर शतक जड़ा था। इसके अलावा 2019 में चेक रिपब्लिक के सुदेश विक्रमसेकरा ने 35 गेंद पर सेंचुरी जड़ी थी। रोहित मल्ला ने 34 गेंद पर सेंचुरी जड़ तीनों खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया। मल्ला ने 50 गेंद पर 12 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 137 रन बनाए। नेपाल के किसी खिलाड़ी ने पहली बार टी20 में शतक जड़ा। वहीं दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 10 गेंद पर 8 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। युवराज सिंह ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में 12 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था। इस मैच उन्होंने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ही ओवर में छक्के लगा दिए थे। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने अपनी पारी की पहली 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाए। हालांकि, उन्होंने एक ओवर में छह छक्के नहीं जड़े।
टी20 इंटरनेशनल में पहली बार 300 का स्कोर बना
नेपाल की ओर से कुशल मल्ला और दीपेंद्र सिंह ऐरी के अलावा कप्तान रोहित पौडेल ने 27 गेंद पर 2 चौके और 6 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। कुशल भुर्तल ने 23 गेंद पर 19 और आसिफ शेख ने 16 रन बनाए। टी20 इंटरनेशनल में पहली बार 300 का स्कोर बना है। टी20 में सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के नाम था। उसने आयरलैंड के खिलाफ देहरादून में 2019 में 278 रन बनाए थे। चेक रिपब्लिक 2019 में ही तुर्की के खिलाफ 4 विकेट पर 278 रन बनाए थे।
नेपाल की टीम ने 26 छक्के और 14 चौके लगाए
मल्ला ने 274 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए तो वहीं पौडेल ने 225 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने तो 520 के स्ट्राइक रेट से रन ठोके। नेपाल की टीम ने 26 छक्के और 14 चौके लगाए। 29 रन एक्स्ट्रा से बने। मंगोलिया की गेंदबाजी की बात करें तो कुल 7 गेंदबाजों ने गेंद की और किसी की भी इकॉनमी 9.50 से नीचे नहीं रही।