ओलंपिक खेल खत्म हो चुके हैं। भारतीय हॉकी टीम लगातार दूसरा ओलंपिक मेडल जीत चुकी है लेकिन टीम के सरपंच साहब का जलवा कायम है। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस रिकॉर्ड के साथ वह दिग्गज खिलाड़ी ध्यानचंद और बलबीर सिंह सीनियर के क्लब में शामिल हो गए हैं।

हरमनप्रीत सिंह ने दागा 200वां गोल

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत गुरुवार को कोरिया का सामना करने उतरा। टीम ने इस मैच में 3-1 से जीत हासिल की। टीम के लिए पहला गोल अराएजीत सिंह ने 8वें मिनट में किया। इसके अगले ही मिनट में हरमनप्रीत ने गोल दागकर टीम की लीड 2-0 कर दी। यह हरमनप्रीत के करियर का 200वां गोल था। हरमप्रीत ने इसके बाद मैच में एक और गोल दागा और टीम की जीत तय की।

बलबीर सिंह और ध्यानचंद के क्लब में शामिल हरमनप्रीत

हरमनप्रीत भारत के तीसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 200 गोल किए हैं। उनसे पहले केवल ध्यानचंद और बलबीर सिंह सीनियर ही यह कारनामा कर पाए हैं। वहीं दुनिया में वह ऐसा करने वाले 12वें खिलाड़ी हैं। ध्याचंद के नाम 570 और बलबीर सिंह सीनियर के नाम 246 गोल हैं।

भारत को पाकिस्तान का करना है सामना

कोरिया के खिलाफ जीत भारत की लगातार चौथी थी। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत चीन के खिलाफ मैच से की थी। भारत ने चीन को 3-0 से मात दी थी। वहीं अपने दूसरे मैच में पूर्व एशियन चैंपियन जापान को 5-1 से हराया था। तीसरे मैच में टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की। उन्होंने मलेशिया को 8-1 से धूल चटाई थी। अब भारतीय हॉकी टीम अपने आखिरी राउंड रॉबिन मुकाबलें में 14 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी। बता दें, भारत टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है।