श्रीलंका ने मंगलवार 9 सितंबर 2025 को एशिया कप के लिए जनिथ लियानागे को अपनी टीम में शामिल किया। इस तरह मध्यक्रम के इस बल्लेबाज की तीन साल बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में वापसी हुई। जनिथ लियानागे ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल 27 फरवरी 2022 को धर्मशाला में भारत के खिलाफ खेला था। एशिया कप 2025 में श्रीलंका के पास अब चरित असालंका के नेतृत्व में 17 सदस्यीय टीम है। श्रीलंका 13 सितंबर को अबुधाबी में बांग्लादेश के खिलाफ इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 12 जुलाई 1995 को जन्में जनिथ लियानागे की गिनती व्हाइट बॉल स्पेशलिस्ट के रूप में होती है। जनिथ लियानागे ने अब तक 28 वनडे मैच खेले हैं। इनमें उनके 824 रन और 3 विकेट हैं। उन्होंने तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने कुल 28 रन बनाए हैं।
जनिथ लियानागे ने अब तक 79 फर्स्ट क्लास, 117 लिस्ट ए और 74 टी20 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने क्रमशः 3983 प्रथम श्रेणी, 3659 लिस्ट ए और 1102 टी20 रन (कुल 8744 रन) बनाए हैं। उन्होंने 72 प्रथम श्रेणी, 51 लिस्ट ए और 32 टी20 विकेट (कुल 155 विकेट) भी लिए हैं।
जनिथ लियानागे ने हाल ही में हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने नाबाद 70 और 19 रन बनाए थे। श्रीलंका ने वह एकदिवसीय शृंखला 2-0 से जीती थी। हालांकि, जनिथ लियानागे ने पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच फरवरी 2022 में भारत के खिलाफ धर्मशाला में खेला था।
एशिया कप के लिए संशोधित श्रीलंका की टीम
चरित असालंका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, नुवानिदु फर्नांडो, कामिंदु मेंडिस, कामिल मिशारा, दासुन शनाका, वानिंदु हसरंगा, दुनिथ वेलालागे, चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्षना, दुष्मंता चमीरा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना, जनिथ लियानागे।