एशिया कप 2023 के आखिरी ग्रुप मैच में अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी ने श्रीलंका के खिलाफ तूफानी अर्धशतक जड़ा। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में अफागनिस्तान को सुपर-4 में क्वालिफाई करने के लिए 37.1 ओवर में 292 का टारगेट हासिल करना था। नबी ने तूफानी पारी खेलकर अफगानिस्तान के लिए मैच बना दिया। मोहम्मद नबी ने 24 गेंद पर अर्धशतक ठोका और वह अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज अर्धशतक ठोकने वाले बल्लेबाज बन गए।
मोहम्मद नबी 32 गेंद पर 65 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 203.12 के स्ट्राइक रेट से रन से रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। नबी 26.3 में आउट हुए। तब अफगानिस्तान का स्कोर 5 विकेट पर 201 रन था। टीम को जीत के लिए 64 गेंद पर 91 रन चाहिए था। मोहम्मद नबी को महेश तीक्ष्णा ने आउट किया। नबी की इस पारी के बदौलत अफगानिस्तान सुपर-4 की रेस में बरकरार है।
मोहम्मद नबी ने मुजीब उर रहमान का रिकॉर्ड तोड़ा
मोहम्मद नबी 24 गेंद पर अर्धशतक ठोककर अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने। इससे पहले यह रिकॉर्ड मुजीब उर रहमान के नाम था। उन्होंने 2023 में कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ 26 गेंद पर अर्धशतक जड़ा। 2021 में अबूधाबी में राशिद खान ने आयरलैंड के खिलाफ 27 गेंद पर अर्धशतक जड़ा। 2014 में जिम्बाब्वे के खिलाफ नबी ने 28 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था। इसके अलावा 2017 में आयरलैंड के खिलाफ शफीकुल्लाह शिनवारी ने ग्रेटर नोएडा में 28 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था।
अफगानिस्तान को 292 का टारगेट 37.1 ओवर में हासिल करना है
बता दें कि एशिया कप 2023 के सुपर-4 में ग्रुप ए से पाकिस्तान और भारत पहुंच गए हैं। वहीं ग्रुप बी से बांग्लादेश क्वालिफाई कर चुका है। श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच दूसरे स्पॉट के लिए लड़ाई है। अफगानिस्तान का रन रेट खराब है। ऐसे में अफगानिस्तान को 292 का टारगेट 37.1 ओवर में हासिल करना है।