इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज 2023 का पहला टेस्ट बर्मिंघम के एजॉबेस्टन में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने पहली पारी में 393 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम संकट में है। हालांकि उस्मान ख्वाजा और कैमरन ग्रीन ने टीम को कुछ हद तक मुश्किल से निकालने का काम किया है, लेकिन स्टुअर्ट ब्रॉड और बेन स्टोक्स ने ऑस्ट्रेलिया को जो झटके दिए उससे कंगारू अभी पूरी तरह नहीं उभरे हैं। ऑस्ट्रेलिया को 70 रन के अंदर ही 3 बड़े झटके लग चुके थे। इसमें WTC Final के दोनों शतकवीर ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ का भी नाम शामिल है।
फ्लॉप रहे WTC Final के शतकवीर
एशेज के पहले टेस्ट में WTC Final के दोनों शतकवीर बड़ी पारी नहीं खेल पाए। हालांकि हेड ने 63 गेंदों में 50 रन की पारी जरूर खेली। पर टीम जिस वक्त संकट में थी उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी। वहीं स्टीव स्मिथ भी डब्ल्यूटीसी फाइनल के शतकवीर थे। उन्होंने भारत के खिलाफ 121 रन की पारी खेली थी, लेकिन एशेज के पहले टेस्ट में स्मिथ सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने लिया, जो करीब 4 महीने बाद गेंदबाजी करने उतरे थे। उन्होंने इस मैच से पहले 24 फरवरी 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में गेंदबाजी की थी। वहां उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। इसके बाद आईपीएल में भी उन्होंने सिर्फ 1 ओवर डाला था।
इंग्लैंड के कप्तान के जाल में फंसे स्मिथ
बेन स्टोक्स ने एक अंदर की तरफ जाती हुई गेंद पर स्मिथ को LBW आउट किया। स्मिथ से उनकी टीम को एक बड़ी पारी की उम्मीद थी। बेन स्टोक्स ने 4 महीने के बाद गेंदबाजी करते हुए एक बड़ी मछली को अपने जाल में फंसाया। ऑस्ट्रेलियाई टीम डेविड वार्नर और मार्नस लाबुशेन के विकेट के दर्द से उभरी नहीं थी कि स्टोक्स ने एक और झटका दे दिया। इंग्लैंड के कप्तान ने स्मिथ को अंदर की तरफ जाती हुई गेंद पर आउट किया। स्मिथ उस गेंद पर थोड़ा सा ओवरस्टेप हुए थे, लेकिन वह गेंद की लाइन को मिस कर गए और गेंद पैड पर जाकर लगी। थर्ड अंपायर के फैसले के बाद उन्हें आउट करार दिया गया।
ऑस्ट्रेलिया को 70 रन के अंदर लगे 3 झटके
इंग्लैंड के पहली पारी में बने 393 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। WTC Final में फ्लॉप रहे डेविड वार्नर यहां भी सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें स्टुअर्ट ब्रॉड ने बोल्ड किया। ब्रॉड ने इसी ओवर की अगली ही गेंद पर मार्नस लाबुशेन को पवेलियन भेज दिया। इसी के साथ ब्रॉड ने ऑस्ट्रेलिया को 2 लगातार झटके देने का काम किया। वार्नर और लाबुशेन के विकेट 29 के स्कोर पर ही गिर गए थे। इसके बाद ख्वाजा और स्मिथ के बीच 38 रन की एक छोटी साझेदारी हुई, लेकिन ब्रॉड ने स्मिथ को और मोईन अली ने बाद में ट्रेविस हेड को आउट कर साझेदारियों को तोड़ा।