Duleep Trophy: भारतीय घरेलू सीजन की शुरुआत 28 अगस्त से होगी और इस सीजन के पहले टूर्नामेंट यानी दलीप ट्रॉफी में 6 टीमें हिस्सा लेंगी। घरेलू क्रिकेट में गोवा के लिए खेलने वाले अर्जुन तेंदुलकर के इस टूर्नामेंट के लिए नॉर्थ-ईस्ट जोन की टीम में जगह बनाने की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। यानी इस टीम में जगह नहीं मिलने के बाद वो दलीप ट्रॉफी के इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे।

अर्जुन तेंदुलकर को टीम में नहीं मिली जगह

अर्जुन तेंदुलकर ने पिछले रणजी सीजन में गोवा के लिए खेलते हुए प्लेट ग्रुप के 4 मैचों में 16 विकेट लिए थे और इस टीम ने प्लेट डिवीजन का खिताब भी जीता था। अर्जुन 2022/23 सीजन से गोवा के साथ हैं और इस ऑलराउंडर ने गोवा के लिए यादगार शुरुआत की थी और दिसंबर 2023 में अपने पहले फर्स्ट क्लास मैच में शतक लगायाथा। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 37 विकेट और 532 रन अब तक दर्ज हैं।

इसके अलावा नवंबर 2022 में गोवा के लिए लिस्ट ए में डेब्यू करने वाले अर्जुन तेंदुलकर ने 18 मैचों में 25 विकेट और 102 रन बनाए हैं। गोवा जाने से पहले उन्होंने मुंबई के लिए अपना टी20 डेब्यू किया था। अर्जुन आईपीएल में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए भी खेल चुके हैं और वो 2021 से मुंबई इंडियंस के साथ हैं। आपको बता दें कि दलीप ट्रॉफी के इस सीजन में नॉर्थ-ईस्ट जोन का पहला मुकाबला ध्रुव जुरेल की कप्तानी वाली सेंट्रल जोन के साथ होगा। दलीप ट्रॉफी का फाइनल 11 से 15 सितंबर तक खेला जाएगा। सभी मैच बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जाएंगे।

दलीप ट्रॉफी 2025 के लिए नॉर्थ-ईस्ट जोन की टीम

जोनाथन रोंगसेन (कप्तान), आकाश कुमार चौधरी, तेची डोरिया, युमनुम कर्णजीत, सेडेझाली रूपेरो, आशीष थापा, हेम बहादुर छेत्री, जेहू एंडरसन, अर्पित सुभाष भटेवरा, फिरोजम जोतिन सिंह, पलजोर तमांग, अंकुर मलिक, बिश्वोरजीत सिंह कोंथौजम, आर्यन बोराह, लामाबम अजय सिंह।

स्टैंडबाय: कामशा यांगफो, राजकुमार रेक्स सिंह, बॉबी जोथानसंगा, दिप्पू संगमा, पुखरुंबम प्रफुल्लमणि सिंह, ली योंग लेप्चा, इमलीवती लेम्तुर।