कुछ दिन पहले भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह के एक बयान की बहुत चर्चा हई थी। योगराज सिंह ने अपने शिष्य और भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को कोयला कहा था। अर्जुन तेंदुलकर अब हीरा बनकर चमके हैं। उन्होंने एक ही मैच में नौ विकेट लेकर कहर मचा दिया। उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर उनकी टीम को जीत भी हासिल हुई।

अर्जुन तेंदुलकर की गेंदबाजी का कमाल

अर्जुन तेंदुलकर ने यह कमाल गोवा की ओर से खेलते हुए किया। वह कर्नाटक में खेले जा रहे डॉक्टर के थिमाप्पिया मेमोरियल टूर्नामेंट में गोवा के लिए खेल रहे हैं। 14 सितंबर को उनकी टीम केएससीए इलेवन का सामना करने उतरी। अर्जुन ने मैच की दोनों ही पारियों में अपनी गेंद का कमाल दिखाया और विपक्षी टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।

पहली पारी में अर्जुन ने बनाए पांच विकेट

पहली पारी में केएससीए केवल 103 ही रन बना सकी। आधी टीम को अर्जुन ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। उन्होंने पहली पारी में 13 ओवर डाले जिसमें उनका इकोनमी रेट 3.15 का रहा। उनका एक ओवर मेडन रहा और वह पांच विकेट हासिल करने में कामयाब रहे। अर्जुन ने विपक्षी टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अक्षन राव को भी आउट किया।

इसके जवाब में गोवा ने पहली पारी में 410 रन बनाए। अर्जुन ने 18 रन का योगदान दिया। केएससीए जब दूसरा बल्लेबाजी करने उतरी तो अर्जुन ने फिर तहलका मचाया। इस बार उन्होंने 10 ओवर डाले और चार विकेट झटके। अर्जुन ने एक बार फिर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले स्मारन आर को आउट किया जिन्होंने 58 रन की पारी खेली थी।

योगराज सिंह ने अर्जुन को कहा था कोयला

योगराज सिंह ने कछ समय पहले कहा था कि अर्जुन तेंदुलकर को तराशने वाला चाहिए। उन्होंने कहा, “क्या आपने कोयले की खान में हीरा देखा है? वह (अर्जुन तेंदुलकर) कोयला ही है… निकालो पत्थर ही है। किसी अच्छे तराशने वाले के हाथ में डालो तो वह दुनिया का कोहिनूर बन जाता है, लेकिन अगर वही हीरा किसी ऐसे इंसान के हाथ में चला जाए जो उसकी कद्र न जाने, तो वह उसे बर्बाद कर देता है।”