Khel Ratna Award: भारत की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को वर्ष 2023 के लिए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटर मोहम्मद शमी और पैरा एशियाई खेलों की चैंपियन तीरंदाज शीतल देवी समेत 26 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार मिलेगा। ये पुरस्कार राष्ट्रपति भवन में नौ जनवरी को आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रदान करेंगी।

जस्टिस खानविलकर की समिति ने की थी नामों की अनुशंसा

उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एएम खानविलकर की अध्यक्षता वाली समिति ने जिन नामों की अनुशंसा की थी। उसके आधार पर भारत की नंबर एक बैडमिंटन पुरुष युगल टीम चिराग और सात्विक को सर्वोच्च खेल सम्मान खेलरत्न देने का फैसला किया गया। सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी यह पुरस्कार पाने वाली पहली बैडमिंटन युगल जोड़ी भी है। इससे पहले पुलेला गोपीचंद, साइना नेहवाल और पीवी सिंधु को खेल रत्न से सम्मानित किया जा चुका है।

26 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार

इसके अलावा 26 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा। इसमें आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 में शानदार प्रदर्शन करने वाले 33 साल के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी शामिल हैं। वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भारत हार गया था। खेल मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शमी का नाम सूची में शामिल करने के लिए विशेष आग्रह किया था।

पहले सूची में शमी का नाम नहीं था

इससे पहले उनका नाम देश के दूसरे सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए नामित किए गए खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं था। शमी ने वनडे विश्व कप में केवल सात मैच में सर्वाधिक 24 विकेट हासिल किए थे। पहले चार मैच में बाहर रहने के बाद शमी को जब मौका मिला तो उन्होंने उसका पूरा फायदा उठाया। शमी के अलावा 25 अन्य खिलाड़ियों को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है।

पैरा तीरंदाज शीतल देवी को भी मिलेगा अर्जुन पुरस्कार

इनमें भुजाहीन तीरंदाज शीतल देवी, पुरुष हॉकी खिलाड़ी कृष्ण बहादुर पाठक और सुशीला चानू, तीरंदाज ओजस प्रवीण देवताले और अदिति गोपीचंद स्वामी, मुक्केबाज मोहम्मद हुसामुद्दीन, शतरंज खिलाड़ी आर वैशाली, गोल्फर दीक्षा डागर, निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पहलवान अंतिम पंघाल,एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता वुशू खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी और टेबल टेनिस खिलाड़ी अयहिका मुखर्जी शामिल हैं।

प्रशिक्षकों को मिलने वाले द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए गणेश प्रभाकरन (मल्लखंभ), महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स), ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज) और शिवेंद्र सिंह (हॉकी) का चयन किया गया है। ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए कविता सेल्वराज (कबड्डी), मंजूषा कंवर (बैडमिंटन) और विनीत कुमार शर्मा (हॉकी) को चुना गया है।

खेल मंत्रालय ने इस साल के मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार और अर्जुन पुरस्कार का फैसला करने के लिए 12 सदस्यीय समिति गठित की थी । इनमें अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश एएम खानविलकर के अलावा हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्लै, पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता, पूर्व मुक्केबाज अखिल कुमार, महिला निशानेबाज और वर्तमान राष्ट्रीय कोच शुमा शिरूर, पूर्व क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा, बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुरगुंडे और पावरलिफ्टर फरमान पाशा भी शामिल थे।

ये है विभिन्न पुरस्कारों के लिए चुने गए खिलाड़ियों की सूची

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार: सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी (बैडमिंटन)।

अर्जुन पुरस्कार

खिलाड़ीखेल
मोहम्मद शमीक्रिकेट
अजय रेड्डीदृष्टिबाधित क्रिकेट
ओजस प्रवीण देवताले, अदिति गोपीचंद स्वामीतीरंदाजी
शीतल देवीपैरा तीरंदाजी
पारुल चौधरी और मुरली श्रीशंकरएथलेटिक्स
मोहम्मद हुसामुद्दीनमुक्केबाजी
आर वैशालीशतरंज
दिव्यकृति सिंह और अनूष अग्रवालघुड़सवारी
दीक्षा डागरगोल्फ
कृष्ण बहादुर पाठक और सुशीला चानूहॉकी
पिंकीलॉन बॉल
ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और ईशा सिंहनिशानेबाजी
अंतिम पंघाल और सुनील कुमारकुश्ती
अयहिका मुखर्जीटेबल टेनिस
नाओरेम रोशिबिना देवीवुशू
पवन कुमार और रितु नेगीकबड्डी
नसरीनखो-खो
हरिंदर पाल सिंह संधूस्क्वाश
प्राची यादवपैरा केनोइंग

मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार

कोचखेल
कविता सेल्वराजकबड्डी
मंजूषा कंवरबैडमिंटन
विनीत कुमार शर्माहॉकी

द्रोणाचार्य पुरस्कार

कोचखेल
गणेश प्रभाकरनमल्लखंब
महावीर सैनीपैरा एथलेटिक्स
ललित कुमारकुश्ती
आरबी रमेशशतरंज
शिवेंद्र सिंहहॉकी

द्रोणाचार्य पुरस्कार आजीवन वर्ग

कोचखेल
जसकीरज सिंह ग्रेवालगोल्फ
ई भास्करनकबड्डी
जयंत कुमार पुशीलालटेबल टेनिस

मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी 2023

यूनिवर्सिटीस्थान
गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसरओवरआल चैंपियन
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब</td>फर्स्ट रनरअप
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटीसेकंड रनरअप

भाषा इनपुट के साथ