लगता है बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) पति विराट कोहली के साथ अपना बैंड शुरू करने को तैयार हैं। अनुष्का शर्मा की सोशल मीडिया पोस्ट से तो कुछ ऐसे ही संकेत मिल रहे हैं। अनुष्का शर्मा ने 4 अगस्त 2022 को इंस्टाग्राम पर विराट कोहली के साथ वाली तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों के कैप्शन में उन्होंने लिखा है, ‘मैं हमेशा से एक क्यूट लड़के के साथ बैंड शुरू करना चाहती थी।’

तस्वीरों में अनुष्का और विराट दोनों ट्विनिंग करते दिख रहे हैं। दोनों ने आसमानी नीले रंग का जैकेट और सफेद रंग की टी-शर्ट पहन रखी है। हालांकि, दोनों की जींस और शूज अलग-अलग रंग के हैं। दोनों की ये तस्वीरें किसी प्रोजेक्ट के शूटिंग सेट की लग रही हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) की पत्नी अनुष्का शर्मा की ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल है। इस पर अब तक 20 लाख से ज्यादा लाइक्स और 10 हजार से ज्यादा कमेंट्स आ चुके हैं। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा लंदन में छुट्टियां बिताने के बाद हाल ही में मुंबई लौटे हैं।

बात अगर अनुष्का के वर्क फ्रंट की करें तो वह इन दिनों फिल्म ‘चकदा एक्सप्रेस’ को लेकर व्यस्त हैं। बताया जा रहा है कि इस फिल्म के लिए वह इंग्लैंड में क्रिकेट का प्रशिक्षण लेंगी। फिल्म के ऐलान के समय इसका टीजर रिलीज किया गया था।

‘चकदा एक्सप्रेस’ में अनुष्का भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वरिष्ठ खिलाड़ी झूलन गोस्वामी का किरदार निभा रही हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, ‘चकदा एक्सप्रेस’ को 2 फरवरी 2023 को रिलीज किया जाना है।

विराट कोहली ने कई साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 11 दिसंबर 2017 को अनुष्का शर्मा से शादी की थी। अनुष्का शर्मा ने पिछले साल बेटी वामिका को जन्म दिया था। वहीं, विराट कोहली ने इन दिनों क्रिकेट से ब्रेक ले रखा है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 30 जुलाई 2022 को जिम्बाब्वे दौरे के लिए 3 वनडे मैच की सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया था। इस सीरीज के लिए शिखर धवन को टीम की कप्तानी दी गई है। टीम में विराट कोहली का नाम नहीं था।