सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शुक्रवार (22 फरवरी) को आंध्र प्रदेश ने नागालैंड को बड़े अंतर से हराकर टी-20 क्रिकेट का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। आंध्र प्रदेश ने नागालैंड को 179 रन से हराकर रनों के लिहाज से टी-20 क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। इससे पहले ये रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम दर्ज था। श्रीलंका ने टी-20 वर्ल्ड कप 2007 में केन्या को 172 रनों से हराया था। उस समय रनों के लिहाज से ये टी-20 क्रिकेट की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड था। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 260 रन बनाए थे जबकि केन्या को 88 रन पर समेट दिया था।
इससे पहले आंध्र प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। आंध्र ने रिकी भुई की शानदार शतकीय पारी के दम पर नागालैंड के खिलाफ 244 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भुई ने महज 42 गेंद पर 108 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी में 5 चौके और 10 छक्के शामिल थे। इसके जवाब में नागालैंड की टीम सिर्फ 65 रन पर ढेर हो गई। आंध्र की ओर से केवी शशिकांत, कर्ण शर्मा, एस के स्माईल ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
गौरतलब है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2019 का 21 फरवरी से आगाज हो चुका है। इस दौरान 2 दिनों में टी-20 क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड धवस्त हो चुके है। गुरुवार (21 फरवरी) को मुंबई के श्रेयस अय्यर ने सिक्किम के खिलाफ 55 गेंदों में 15 छक्के और 7 चौके की मदद से 147 रन की पारी खेली थी। इसके साथ ही श्रेयस अय्यर टी-20 की एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम था, जिन्होंने 10 मई 2018 को फिरोजशाह कोटला में दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 63 गेंदों में 128 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वहीं, टूर्नामेंट के पहले दिन भारत के टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने 61 गेंदो में शतक जड़ सभी को चौंका दिया था।