T20 World Cup 2022 : इंग्लैंड के ओपनर बल्लेबाज एलेक्स हेल्स की टी20 विश्व कप और पाकिस्तान दौरे के लिए टीम में वापसी हुई है। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बुधवार को उन्हें ऑस्ट्रेलिया में अगले महीने होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए जॉनी बेयरस्टो की जगह चुना। 33 वर्षीय क्रिकेटर तीन साल से टीम से बाहर चल रहा था। उनको ड्रग्स टेस्ट में फेल होने के बाद 2019 वर्ल्ड कप टीम से बाहर कर दिया गया था।
बेयरस्टो को गोल्फ खेलते समय बाएं टखने में चोट लग गई, जिससे वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए। हेल्स ने आखिरी बार मई 2019 में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया था। अब वह जोस बटलर की कप्तानी में टीम में वापस करेंगे। वह शीर्ष क्रम में कप्तान बटलर के साथ खेलते दिख सकते हैं। अप्रैल में कप्तान इयोन मोर्गन के संन्यास लेने के बाद हेल्स के लिए चीजें बदल गई हैं।
मॉर्गन ने हेल्स पर विश्वास तोड़ने का आरोप लगाया था। अब बटलर के कप्तान बनने के बाद जेसन रॉय की खराब फॉर्म और टी 20 विश्व कप से पहले जॉनी बेयरस्टो की चोट ने हेल्स की टीम में वापसी में मदद की। दाएं हाथ के बल्लेबाज को ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर खेलने का काफी अनुभव है। बिग बैश लीग में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वह 2020-21 संस्करण में शीर्ष स्कोरर भी थे।
पूर्व चैंपियन इंग्लैंड अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत पर्थ में 22 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ करेगा। बता दें कि हेल्स ने 2011 में अपने पदार्पण के बाद से 136.65 के स्ट्राइक रेट से 31.01 के औसत से 60 टी20 मैच में 1644 रन बनाए हैं। 2014 में, बांग्लादेश में टी-20 विश्व कप के दौरान वह टी-20 में शतक बनाने वाले इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने चटोग्राम में श्रीलंका के खिलाफ 64 गेंदों में नाबाद 116 रन की पारी खेली थे।
ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड की टीम
जोस बटलर (कप्तान, विकेटकीपर), मोइन अली, हैरी ब्रूक, सैम कुरेन, एलेक्स हेल्स, क्रिस जॉर्डन, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मालन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, बेन स्टोक्स, रीस टॉपली, डेविड विली, क्रिस वोक्स, मार्क वुड।
रिजर्व खिलाड़ी: लियाम डॉसन, रिचर्ड ग्लीसन, टाइमल मिल्स