टी-20 में अपने खेल को लेकर लोगों की आलोचना झेल रहे टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सपोर्ट में रवि शास्त्री के बाद रोहित शर्मा भी खुलकर सामने आए हैं। रोहित शर्मा ने धोनी के फॉर्म पर सवाल उठाने वालों को करारा जवाब देते हुए कहा है कि ऐसे लोगों को उनकी मौजूदा फॉर्म को देखना चाहिए। आपको बता दें कि पिछले महीने न्यूजीलैंड के साथ T 20 सीरीज के दौरान अजीत आगरकर और वीवीएस लक्ष्मण जैसे खिलाड़ियों ने धोनी के खेल को लेकर सवालिया निशान लगाए थे। धोनी की आलोचना करने वालों का कहना था कि अब धोनी को टी 20 से संन्यास ले कर किसी नए खिलाड़ी को मौका देना चाहिए। ऐसे लोगों का कहना था कि धोनी की अब उम्र हो चुकी है और उसके हिसाब से उन्हें छोटे फॉर्मेट को छोड़ देना चाहिए।
इस तरह की आलोचना करने वालों को रोहित शर्मा ने आड़े हाथों लिया है। रोहित शर्मा ने इंडिया टुडे को दिये इंटरव्यू में कहा- मैं हैरान हूं कि कोई ऐसे सवाल कैसे उठा सकता है? अगर आप धोनी की पिछली कई परफॉर्मेंसेज़ देखेंगे तो आपको भी हैरानी होगी कि कोई अब भी उनके खेल पर उंगली कैसे उठा सकता है। रोहित शर्मा ने कहा कि यहां उनके 2019 की वर्ल्ड कप टीम में रहने की बात से ज्यादा जरूरी उनका बढ़िया फॉर्म है।
रोहित शर्मा ने कहा कि ये 2019 अभी बहुत दूर है और हमारा पूरा ध्यान मौजूदा और आने वाले मेचों पर लगा है। धोनी छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं, उन्हें उतनी गेंदें खेलने को नहीं मिलती हैं जितने हम लोगों को मिल जाती हैं।
रोहित शर्मा से पहले रवि शास्त्री ने भी एम एस धनी का पक्ष लेते हुए कहा था कि 36 की उम्र में 26 के खिलाड़ियों को मात दे सकते हैं धोनी। जो लोग आलोचना कर रहे हैं, वे भूल गए हैं कि उन्होंने भी क्रिकेट खेला है। विकेट के पीछे धोनी की मुस्तैदी का आज भी जवाब नहीं।