रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट के तीसरे दिन वकार यूनिस का रिकॉर्ड तोड़ा था। चौथे दिन उन्होंने इतिहास रच दिया। उन्होंने मुथैया मुरलीधरन का रिकॉर्ड तोड़ा। वह सबसे ज्यादा बार बाएं हाथ के बल्लेबाजों को आउट होने करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने चौथे दिन जोश हेजलवुड का विकेट लेकर यह उपलब्धि अपने नाम की। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के नाम था।
अश्विन ने अब तक 73 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने कुल 375 विकेट लिए हैं। इसमें उन्होंने 192 विकेट बाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए हैं। मुरलीधरन ने अपने करियर में 133 टेस्ट मैच में 800 विकेट लिए हैं। मुरलीधरन ने अपने करियर में 191 बार बाएं हाथ के बल्लेबाजों को आउट किया था। मुरलीधरन दुनिया में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। अश्विन इस सीरीज में अब तक 10 विकेट लिए हैं। वह सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पैट कमिंस के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।
अश्विन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में टॉप-20 में पहुंच गए हैं। उन्होंने 28 दिसंबर को वकार यूनिस को 21वें नंबर पर धकेल दिया था। नाथन लियोन के बाद अश्विन टॉप-20 टेस्ट गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे एक्टिव क्रिकेटर हैं। बाकी सभी संन्यास ले चुके हैं।
वकार यूनिस ने अपने करियर में 87 टेस्ट मैच खेले थे। इसमें उन्होंने 373 विकेट लिए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में अश्विन के सामने मैल्कम मार्शल का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। मैल्कम मार्शल ने 81 टेस्ट मैच खेलकर 376 विकेट लिए हैं।
अश्विन ने इसके अलावा एक और खास लिस्ट में जगह बनाई है। वह टेस्ट मैच क्रिकेट में 20 हजार या उससे ज्यादा गेंदें फेकने वाले बॉलर्स की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। इस लिस्ट में जगह बनाने वाले वह पांचवें भारतीय गेंदबाज हैं। भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम है। उन्होंने 40850 गेंदें फेंकी हैं। दूसरे नंबर पर हरभजन सिंह (28580), तीसरे पर कपिल देव (27740) हैं। चौथे नंबर पर बिशन सिंह बेदी का नाम आता है। बेदी ने अपने करियर के दौरान कुल 21364 गेंद फेंकी थीं।