अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को तीसरे वनडे में मंगलवार (14 अक्टूबर) को 200 रनों से हराकर 3-0 से सीरीज अपने नाम की। अफगानिस्तान की जीत में पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी ने अहम योगदान निभाया। उन्होंने 37 गेंद पर नाबाद 62 रन ठोके। उनकी इस पारी के दम पर अफगानिस्तान ने 9 विकेट पर 293 रन बनाए। नबी ने 37 गेंद पर 62 रनों की पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए।
नबी ने इस पारी के दौरान पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक का रिकॉर्ड तोड़ा। वह पुरुष एकदिवसीय क्रिकेट में आईसीसी के पूर्ण सदस्य टीमों में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। नबी ने 40 साल 286 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़ा। मिस्बाह ने 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 40 साल 283 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़ा था। नबी 48वें ओवर के बाद 25 गेंद पर 24 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्होंने आखिरी 2 ओवरों में 43 रन कूट दिए। मेहदी हसन मिराज और हसन महमूद की खूब पिटाई हुई।
मेहदी हसन मिराज को तीन छक्के जड़े
अफगानिस्तान की पारी में 48वें ओवर में नाहिद राणा गेंदबाजी करने आए। दो गेंद बाद वह चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद मेहदी हसन मिराज गेंदबाजी करने आए। नबी ने उन्हें तीन छक्के जड़े। ओवर में 25 रन बने। नबी का स्कोर 31 गेंद पर 44 रन हो गया। बांग्लादेश के कप्तान काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 9.4 ओवर में 67 रन लुटाए और 1 विकेट लिया।
नबी ने 18वां वनडे अर्धशतक 35 गेंदों पर पूरा किया
हसन महमूद 50वां ओवर करने आए। वह हैट्रिक पर थे। पहली गेंद पर कोई रन नहीं आया। अगली 5 गेंदों पर नबी ने 3 चौके और 1 छक्का जड़ा। ओवर में 19 रन बने। नबी ने 18वां वनडे अर्धशतक 35 गेंदों पर पूरा किया। हसन महमूद ने 6 ओवर में 57 रन देकर 2 विकेट लिए।