भारत में क्रिकेट की दीवानगी से हर कोई परिचित है। इस खेल के दीवाने देश के हर कोने में है। ऐसे में जब भारत में क्रिकेट वर्ल्ड कप हो रहा है तो हर जगह केवल इसी की धूम है लेकिन महेंद्र सिंह धोनी के शहर रांची में ऐसा नहीं है। क्रिकेट वर्ल्ड के बीच रांची की जनता पर हॉकी का बुखार चढ़ा हुआ है।
रांची में खेली जा रही है एशियन चैंपियंस ट्रॉफी
रांची इस समय महिला हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी कर रहा है। भारतीय टीम अजेय रहते हुए फाइनल में पहुंची है। रविवार को रांची के मेयर राधा कृष्णन स्टेडियम में भारत और जापान के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाना है। इस मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस पहुंचे।
मैच देखने के लिए लगी फैंस की भीड़
इस फाइनल मुकाबले के लिए स्टेडियम में फैंस को मुफ्त में एंट्री देने का ऐलान किया गया था। फाइनल से पहले भी भारतीय टीम के हर मैच के दौरान स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा नजर आया था। रविवार को दोपहर के समय ही स्टेडियम के बाहर फैंस का जमघट लग गया था। लोग बड़ी संख्या में मैच देखने पहुंचे। जहां तक नजर जा रही थी वहां बस लोग ही नजर आ रहे थे।
सड़कों पर था फैंस का हुजूम
स्टेडियम में जगह भर जाने के बाद जब दरवाजे बंद किए गए तब भी फैंस की भीड़ सड़कों पर मौजूद थी। इन सभी फैंस को स्टेडियम के सामने मौजूद मुरादाबादी ग्राउंड जाने को कहा गया जहां मैच दिखाने के लिए बड़े स्क्रीन लगाए गए थे। जिन फैंस को एंट्री नहीं मिली वह सभी स्टेडियम में पहुंचे। ये सब मैच शुरू होने से कई घंटे पहले हुआ।
भारत फाइनल में करेगा जापान का सामना
अनुभवी सलीमा टेटे और वैष्णवी विट्ठल के गोल के दम पर भारत ने महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में कोरिया को 2-0 से हराकर खिताबी मुकाबले के लिए अपना टिकट पक्का किया था। लीग चरण में अपने पांचों मैच जीतने वाली भारतीय टीम को कोरिया ने कड़ी टक्कर दी। कोरिया के खिलाड़ी हालांकि भारतीय डिफेंस को भेदने में विफल रहे। जापान ने दूसरे सेमीफाइनल में हांगझू में एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता चीन को 2-1 से हराया। भारत ने कोरिया के खिलाफ मैच के 11वें मिनट में सलीमा के गोल से बढ़त बनाने के बाद अपना दबदबा बनाये रखा।