Asian Champions Trophy: भारतीय हॉकी टीम (Indian Hockey Team) एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी जीत की लय कायम नहीं रख पाई। उसे 4 अगस्त 2023 को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपने दूसरे मैच में जापान के खिलाफ ड्रॉ खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। पहले मैच में शानदार जीत हासिल करने वाली भारतीय हॉकी टीम ने जापान के खिलाफ मैच के दौरान कई मौके गंवाए। नतीजा जापान ने उसे 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया।
पहले क्वार्टर में भारत ने आक्रामक शुरुआत की
जापान के लिए केन नागायोशी ने 28वें मिनट में गोल किया, जबकि भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 43वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। भारत ने पहले मैच में गुरुवार 3 अगस्त 2023 को चीन को 7-2 के बड़े अंतर से हराया था। जापान के खिलाफ मैच की बात करें तो भारत ने पहले क्वार्टर में काफी आक्रामक शुरुआत की। जापान ने भी वैसी ही आक्रामकता दिखाई।
दोनों टीमों ने गोल करने के मौके बनाए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता हाथ नहीं लगी। जापान के एक खिलाड़ी को चोट लगने के कारण विकल्प लेना पड़ा। भारत को इस क्वार्टर में सात पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन एक पर भी गोल नहीं हो सका। विवेक सागर प्रसाद को आठवें मिनट में ग्रीन कार्ड भी मिला।
दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ी नहीं भेद पाए जापान की रक्षापंक्ति

दूसरे क्वार्टर में भी मुकाबला बराबरी का था, लेकिन 27वें मिनट में जुगराज सिंह को ग्रीन कार्ड दिखाया गया। अगले मिनट में जापान को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर नागायोशी ने गोल दाग दिया। भारत ने दूसरे हाफ में लगातार जवाबी हमले बोले, लेकिन जापान का डिफेंस जबर्दस्त था। भारत को 43वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान हरमनप्रीत ने बराबरी का गोल दागा।
आखिरी क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। भारत को 55वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन जापान ने वीडियो रेफरल लिया और यह फैसला बदलना पड़ा। भारत को मैच में 14 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि जापान को दो मिले जिनमें से एक पर गोल हुआ। भारतीय हॉकी टीम का अब अगला मुकाबला रविवार 7 अगस्त 2023 को मलेशिया से होना है। उसी दिन पाकिस्तान की भिड़ंत जापाान से होनी है।