एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में इंडिया ए और यूएई के बीच मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी अर्धशतक जड़ दिया। बिहार के लाल ने इंडिया ए के लिए पहले मैच में ही 17 गेंदो पर ताबड़तोड़ अर्धशतक ठोक दिया। हालांकि, पहली गेंद पर उनका कैच छूटा था। उनको जीवनदान देना यूएई को भारी पड़ा। वैभव ने भारत को तूफानी शुरुआत दिलाई। उन्होंने केवल 17 गेंद पर 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 305 के स्ट्राइक रेट से 52 रन ठोक दिए।
इंडिया ए ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। मुहम्मद फराजुद्दीन की पहली ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को कवर पर जीवनदान मिला। इस गेंद पर वैभव का खाता खुला। इसके बाद वह दूसरे ओवर में स्ट्राइक पर आए। उन्होंने मोहम्मद रोहिद खान को दूसरी गेंद पर चौका जड़ा। अगली गेंद पर एक रन आया। फिर प्रियांश आर्य रन आउट हुए। वैभव ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़ा।
वैभव ने 32 गेंदों पर ठोका शतक, पंत की बराबरी की, शर्मा और मिलर समेत दिग्गजों का तोड़ा रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी
वैभव सूर्यवंशी ने आयन अफजल खान को तीसरे ओलर में 2 छक्के और 1 चौका जड़ा। इस ओवर में 21 रन बने। तीसरे ओवर के बाद वैभव 9 गेंद पर 28 रन बनाकर क्रीज पर थे। उन्होंने पांचवें ओवर में 20 रन बनाए। मुहम्मद जवादुल्लाह के ओवर में उन्होंने तीन चौके और एक छक्का जड़ा। इस ओवर के बाद उनका स्कोर 15 गेंद पर 48 रन हो गया।
वैभव सूर्यवंशी ने छठे ओवर में अर्धशतक पूरा किया
वैभव सूर्यवंशी ने छठे ओवर में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने मुहम्मद जवादुल्लाह की तीसरी गेंद पर चौका जड़कर अर्धशतक 17 गेंदों पर पूरा किया। वैभव ने अपनी अर्धशतकीय पारी में चौके और छक्के से 48 रन बनाए। इसके बाद भी तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी। वैभव का यह इंडिया ए के लिए पहला ही मैच है।
