अबुधाबी में क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट (t10 लीग) की शुरुआत हो चुकी है। टूर्नामेंट के पहले दिन गुरुवार को मराठा अरेबियन्स ने नॉर्दर्न वॉरियर्स, पुणे डेविल्स ने डेक्कन ग्लेडिएटर्स और दिल्ली बुल्स ने बांग्ला टाइगर्स को हरा दिया। मराठा अरेबियन्स की ओर से खेलने वाले यूएई के विस्फोटक बल्लेबाज अब्दुल शकूर ने 14 गेंद पर अर्धशतक ठोक दिया। उनके अलावा नॉर्दर्न वॉरियर्स के लेंडल सिमंस ने 31 गेंद पर 54 रनों की तूफानी पारी खेली।

पहले मैच में मराठा अरेबियन्स ने नॉर्दर्न वॉरियर्स को 5 विकेट से रौंद दिया। मैच में मराठा की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। नॉर्दर्न की ओर से सिमंस ने 54 रन की पारी खेली। उन्होंने सात चौके और एक छक्का लगाया। ब्रैंडन किंग ने 13 गेंद पर 29 रन बनाए। उन्होंने चार छक्के लगाए। कप्तान निकोलस पूरन ने 9 गेंद पर 19 और रोवमन पॉवेल ने 7 गेंद पर 22 रन बनाए। टीम ने 10 ओवर में 2 विकेट पर 127 रन बनाए। 128 रन के लक्ष्य को मराठा की टीम ने 10 ओवर में 5 विकेट पर 131 रन बनाकर हासिल कर लिया। उसके लिए अब्दुल शकूर के अलावा मोहम्मद हफीज ने 8 गेंद पर 19 रन बनाए। शकूर ने अपनी पारी में 7 चौके और 5 छक्के लगाए।

दूसरे मैच में पुणे डेविल्स ने डेक्कन ग्लेडिएटर्स के खिलाफ गेंदबाजी चुनी। डेक्कन की टीम ने 10 ओवर में 5 विकेट पर 104 रन बनाए। उसके लिए आजम खान ने 13 गेंद पर 37 रन बनाए। उन्होंने एक चौका और 4 छक्के लगाए। कैमरन डेलपोर्ट ने 17 गेंद पर 25 रन बनाए। कीरोन पोलार्ड 2 और सुनील नरेन 1 रन बनाकर आउट हुए। पुणे डेविल्स ने 9.2 ओवर में 3 विकेट पर 106 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। उसके लिए केनार लेविस ने 28 गेंद पर 57 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और 6 छक्के लगाए। चैडविक वॉल्टन ने 18 और टॉम कोहलर कैडमोर ने 12 रनों का योगदान दिया।

तीसरे मैच में बांग्ला टाइगर्स ने दिल्ली बुल्स के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी का सामना किया। बांग्ला टीम ने 10 ओवर में 2 विकेट पर 128 रन बनाए। उसके लिए जॉनसन चार्ल्स ने 35 गेंद पर 73 रन बनाए। उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। आंद्रे फ्लेचर ने 16 गेंद पर 32 रन बनाए। उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। आफिफ हुसैन ने 10 रन बनाए। 129 रन के लक्ष्य को दिल्ली की टीम ने 8.5 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर लिया। उसके लिए अफगानिस्तान के रहमनुल्लाह गुरबाज ने 15 गेंद पर 41 रन बनाए। रवि बोपारा ने 38 और इविन लेविस ने 32 और शेरफेन रदरफोर्ड ने 11 रन की पारी खेली।