आईपीएल 2025 की नीलामी के बाद जो तस्वीर सामने आई है, उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि मुंबई इंडियंस को टूर्नामेंट के दौरान अपने भारतीय कोर पर बहुत अधिक निर्भर होना पड़ेगा। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद होगी कि उनका भारतीय कोर (रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा) टूर्नामेंट के दौरान उपलब्ध रहेंगे। मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी तो नीलामी के पहले से ही काफी मजबूत थी। ऐसे में सभी को अंदाजा था कि मेगा ऑक्शन का इस्तेमाल वे मजबूत गेंदबाजी आक्रमण बनाने के लिए करेंगे।
8 में से 6 विदेशी खिलाड़ी अनुभवी नहीं
यही वजह रही कि उन्होंने नई गेंद के दो बेहतरीन गेंदबाजों ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर को शामिल किया। ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर यह सुनिश्चित करेंगे कि वे पारी के दूसरे भाग में जसप्रीत बुमराह का इस्तेमाल कर सकें, लेकिन विदेशी खिलाड़ियों में उनका निवेश चौंकाने वाला है। उनके 8 में से 6 विदेशी खिलाड़ी अनुभवहीन हैं। इनमें से 3 रयान रिकेल्टन, बेवॉन-जॉन जैकब्स और अल्लाह गजनफर आईपीएल में नए हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह देखना बाकी है कि मुंबई इंडियंस का फर्स्ट च्वाइस विकेटकीपर कौन होगा?
विकेट के पीछे की जिम्मेदारी फंसा सकती है पेंच
मुंबई इंडियंस के पास स्टम्प के पीछे की जिम्मेदारी संभालने को लेकर कोई बड़ा या प्रतिष्ठित नाम नहीं है। मुंबई इंडियंस के पास रयान रिकेल्टन से विकेटकीपिंग कराने का विकल्प है, लेकिन इसका मतलब होगा कि विल जैक्स को तीन नंबर के बाद ही बल्लेबाजी के लिए उतरना होगा। ऐसे में रॉबिन मिंज या कृष्णन श्रीजीत के साथ शुरुआत करना (विकेटकीपिंग) एक विकल्प हो सकता है।
ऐसी परिस्थिति में विदेशी खिलाड़ियों में से किसी एक को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में ला जा सकता है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह एक बड़ी कमी है, लेकिन अपने मजबूत भारतीय कोर को देखते हुए मुंबई इंडियंस उम्मीद करेगी कि वह इसकी भरपाई कर लेगी।
चिंता का विषय
मुंबई इंडियंस कभी भी स्पिनर्स पर बड़ा दांव लगाने वाली फ्रेंचाइज़ी नहीं रही है। आईपीएल 2025 की नीलामी में भी ऐसा ही दिखा। मिचेल सैंटनर निश्चित रूप से स्टार्टर होंगे। हालांकि, मिस्ट्री स्पिनर अल्लाह गजनफर को शामिल करना उसके काम आ सकता है।
ये है मुंबई इंडियंस की टीम
- बल्लेबाज: रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, बेवन-जॉन जैकब्स।
- विकेटकीपर्स: रॉबिन मिंज, रयान रिकेलटन, कृष्णन श्रीजीत।
- ऑलराउंडर: हार्दिक पंड्या (पेसर), नमन धीर (स्पिनर), विल जैक्स (स्पिनर), राज अंगद बावा (पेसर), विग्नेश पुथुर (स्पिनर)।
- स्पिनर्स: अल्लाह गजनफर, कर्ण शर्मा, मिचेल सैंटनर।
- पेसर्स: जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, रीस टॉपले, सत्यनारायण राजू, अर्जुन तेंदुलकर, लिजाद विलियम्स।
ये हो सकती है मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, विल जैक्स, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, हार्दिक पंड्या, रॉबिन मिंज, दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट। इम्पैक्ट प्लेयर्स: अल्लाह गजनफर/रयान रिकेल्टन।